जूना अखाड़े के साधु-संतों का सपा प्रमुख को 2027 विजय का आशीर्वाद! बोले- अखिलेश यादव के नेतृत्व में ही जनकल्याण की राजनीति, 2017 से पहले का विकास आज भी याद
पूर्व सीएम ने कहा- भाजपा राज में लोकतंत्र खतरे में, संविधान पर वार, संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करने एक आरोप
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए उसे लोकतंत्र विरोधी और संविधान के लिए खतरा बताया है। सोमवार को लखनऊ स्थित सपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के नाम पर दरअसल एनआरसी लागू करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि एनआरसी का काम सामान्य रूप से गृह मंत्रालय के दायरे में आता है, लेकिन भाजपा सरकार अब निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था का दुरुपयोग कर इसे लागू कराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने इसे न केवल संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला करार दिया।
भाजपा का मूल चरित्र ही लोकतंत्र विरोधी : अखिलेश
सपा मुखिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का बुनियादी चरित्र ही लोकतंत्र विरोधी है। सत्ता में आने के बाद से भाजपा लगातार जनविरोधी फैसले थोप रही है। जनता से बड़े-बड़े वादे कर सत्ता हासिल करने वाली भाजपा सरकार ने प्रदेश को झूठ,भ्रम और असफलताओं के दलदल में धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नकारात्मक सोच और विभाजनकारी राजनीति का प्रतिनिधित्व करती है और उसे संविधान व लोकतंत्र में कोई आस्था नहीं है।
लाइन में खड़ी कर दी जनता-नोटबंदी से लेकर नौकरी तक
सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को कभी नोटबंदी की लाइन, कभी राशन की लाइन, कभी अस्पतालों की लाइन और कभी रोजगार की तलाश में दर-दर भटकने के लिए मजबूर किया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान के रास्ते पर चलने वाली पार्टी है, और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को प्रदेश के भविष्य के लिए निर्णायक बताते हुए कहा कि यही मौका है, जब जनता भाजपा के कुशासन का अंत करेगी।
उत्तर प्रदेश को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया
पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया है। किसानों, नौजवानों, महिलाओं और व्यापारियों किसी भी वर्ग को राहत नहीं मिली। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार चरम पर हैं। जनता भाजपा सरकार के कुशासन, बेईमानी और लूट से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है।
जनाक्रोश के आगे भाजपा सरकार को झुकना पड़ा
उन्होंने कहा कि“उप्र पुलिस भर्ती में जनाक्रोश के आगे भाजपा सरकार को झुकना ही पड़ा। सभी संघर्षरत अभ्यर्थियों के समर्थन में समाजवादी पार्टी की कोशिश कामयाब हुई है। यह एकजुटता की जीत है संवेदनहीन भाजपा सरकार बिना दबाव के जनहित का कोई काम नहीं करती।”
जूना अखाड़े के साधु-संतों ने दिया 2027 विजय का आशीर्वाद

कार्यक्रम के दौरान दशनाम जूना अखाड़ा, वाराणसी के साधु-संतों ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर उनके उज्ज्वल भविष्य और 2027 विधानसभा चुनाव में विजय का आशीर्वाद दिया। मुलाकात करने वालों में नागा बाबा तूफानपुरी, महंत राकेश गिरि, जोगेन्द्र गिरि, अनिल गिरि, पेल गिरि, शिवराम गिरि, बच्चा गिरि, अजय गिरि और नरेश गिरि शामिल रहे। साधु-संतों ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में ही राजनीति सत्य और जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ सकती है। उन्होंने 2012 से 2017 के बीच समाजवादी सरकार के विकास कार्यों और कुंभ आयोजन की सफलता को भी याद किया।
2027 में सत्ता परिवर्तन का संकल्प
कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए सपा कार्यकर्ताओं, नेताओं, युवाओं, प्रबुद्धजनों, डॉक्टरों, प्रोफेसरों और साधु-संतों ने अखिलेश यादव को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और एक स्वर में 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया। अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि जनता 2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर कर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करेगी।
