नई दिल्ली/ढाका : बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र की हत्या के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने दिल्ली में बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। VHP कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और बांग्लादेश सरकार पर अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।
गौरतलब है कि 18 दिसंबर की रात बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र की निर्मम हत्या कर दी गई थी। शुरुआती तौर पर यह दावा किया गया था कि दीपू ने फेसबुक पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणी की थी, जिसके चलते यह घटना हुई। हालांकि, प्रारंभिक जांच में इस दावे के समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। इसके बाद इस हत्या को मॉब लिंचिंग बताया जा रहा है, जिसने दोनों देशों में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मचा दी है।
इस बीच बांग्लादेश ने भारत के उच्चायुक्त प्रणय वर्मा को तलब किया है। यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार है जब भारतीय उच्चायुक्त को बुलाया गया है। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत में बांग्लादेशी राजनयिक मिशनों पर हुए कथित हमलों और प्रदर्शनों को लेकर यह कदम उठाया गया है। मंत्रालय ने कहा कि नई दिल्ली और सिलीगुड़ी में हुई घटनाएं चिंताजनक हैं और इन्हें हिंसा व डराने-धमकाने की कार्रवाई माना गया है।
बांग्लादेश सरकार ने आरोप लगाया कि भारत में बांग्लादेशी मिशनों के बाहर हुए प्रदर्शनों और तोड़फोड़ से राजनयिक कर्मचारियों की सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ है। विदेश मंत्रालय ने भारतीय उच्चायुक्त को निर्देश दिया कि सभी दूतावासों और उनसे जुड़े ठिकानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही भारत सरकार से इन घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई है।
बांग्लादेश ने यह भी आरोप लगाया है कि भारत में रह रहीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना लगातार ऐसे बयान दे रही हैं, जिन्हें ढाका सरकार भड़काऊ मानती है। बांग्लादेश का कहना है कि इन बयानों से वहां की आंतरिक स्थिति और दोनों देशों के संबंधों पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
इन्हीं सुरक्षा चिंताओं के चलते बांग्लादेश ने दिल्ली और सिलीगुड़ी स्थित अपने वीजा केंद्रों की सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। इनमें 20 दिसंबर को नई दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर प्रदर्शन और 22 दिसंबर को सिलीगुड़ी स्थित बांग्लादेश वीजा सेंटर में हुई तोड़फोड़ की घटनाएं शामिल हैं।
फिलहाल, दीपू चंद्र की हत्या और भारत में हुए विरोध प्रदर्शनों को लेकर भारत-बांग्लादेश के रिश्तों में तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। दोनों देशों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि कूटनीतिक स्तर पर इस विवाद को कैसे सुलझाया जाता है और आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।
