गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक महिला दरोगा को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई दरोगा का नाम भुवनेश्वरी सिंह है, जो साहिबाबाद थाने की रिपोर्टिंग पुलिस चौकी में तैनात थी। गिरफ्तारी के दौरान दरोगा ने अपना चेहरा दुपट्टे से ढंक लिया। तलाशी में उसके पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद की गई है।
जानकारी के मुताबिक, महिला दरोगा भुवनेश्वरी सिंह दहेज से जुड़े एक मामले में कार्रवाई के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत मांग रही थी। जैसे ही रिश्वत की रकम दी गई, पहले से घात लगाए बैठी एंटी करप्शन टीम ने उसे पकड़ लिया। यह मामला साहिबाबाद थाने की रिपोर्टिंग पुलिस चौकी से जुड़ा हुआ है।
गौरतलब है कि भुवनेश्वरी सिंह इससे पहले भी रिश्वत के मामले में गिरफ्तार हो चुकी है। साल 2022 में वह कानपुर में एडीसीपी पूर्वी के कार्यालय में तैनात थी। उस दौरान उसने एक होमगार्ड के साथ मिलकर पनकी इलाके में चल रहे एक सेक्स रैकेट पर छापा मारा था। छापे के दौरान जालौन के रहने वाले दो व्यापारियों और दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया था। आरोप है कि बाद में सभी को बंधक बनाकर 15 लाख रुपये की मांग की गई थी। इस मामले की जानकारी अधिकारियों को मिलने के बाद एडीसीपी राहुल मिठास और एसीपी कोतवाली अशोक सिंह ने सिविल ड्रेस में एक रेस्टोरेंट में 50 हजार रुपये की घूस लेते हुए भुवनेश्वरी सिंह को गिरफ्तार किया था।
इसके बावजूद महिला दरोगा का करियर विवादों के साथ आगे बढ़ता रहा। 23 सितंबर 2025 को भुवनेश्वरी सिंह एक एनकाउंटर को लेकर सुर्खियों में आई थी। चार अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर उसने एक बदमाश का एनकाउंटर किया था, जिसमें बदमाश को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया गया था। इस कार्रवाई के दौरान भुवनेश्वरी सिंह बदमाश को अपने कंधे पर लादकर ले जाती हुई नजर आई थी। उस एनकाउंटर के बाद पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने महिला थाना प्रभारी रितु त्यागी, दरोगा विनीता यादव, दरोगा भुवनेश्वरी सिंह, हेड कॉन्स्टेबल ममता सिंह और हेड कॉन्स्टेबल नीतू सिंह को सम्मानित भी किया था।
एनकाउंटर के बाद भुवनेश्वरी सिंह का तबादला महिला थाने से साहिबाबाद थाने की रिपोर्टिंग पुलिस चौकी में किया गया था, जहां उसे पिंक बूथ की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब एक बार फिर रिश्वत लेते हुए गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एंटी करप्शन टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
