बरेली : जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। इसलिए बीएलओ अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 123 बिथरीचैनपुर के लिए सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, अति सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) का प्रशिक्षण कार्यक्रम राजकीय इंटर कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में दी गई जानकारियों को लें गंभीरता

प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही प्रत्येक जानकारी को गंभीरता से समझना और उसे शत-प्रतिशत अमल में लाना बीएलओ की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि फार्म-6 भरने की प्रक्रिया में लगातार त्रुटियां सामने आ रही हैं, जिन्हें तत्काल सुधारने की आवश्यकता है।
त्रुटिरहित होनी चाहिए मतदाता सूची
डीएम ने कहा कि शुद्ध, अद्यतन और विवादहीन मतदाता सूची ही निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला है। यदि मतदाता सूची त्रुटिरहित होगी, तो निर्वाचन के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं होगी। उन्होंने समस्त बीएलओ को निर्देश दिए कि 18 जनवरी को सभी बीएलओ अपने -अपने बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और क्षेत्र के नागरिकों को बूथ तक लाने के लिए प्रभावी प्रचार-प्रसार करें। इसके लिए लाउडस्पीकर के माध्यम से घर-घर जाकर व्यापक प्रचार करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग बूथ पर पहुंचकर अपने आवेदन करा सकें।
बूथों पर फार्म-6 की संख्या अपेक्षाकृत कम मिली

डीएम ने यह भी कहा कि कई बूथों पर फार्म-6 की संख्या अपेक्षाकृत कम पाई जा रही है। जिसका मुख्य कारण मतदाताओं की कम उपस्थिति है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने प्रचार तंत्र को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) उपस्थित नहीं हो रहे हैं, वहां संबंधित बीएलओ उनसे संपर्क कर उन्हें बूथ पर बुलाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही जिन बीएलओ द्वारा अभी तक फार्म-6 और नोटिस की प्रक्रिया प्रारंभ नहीं की गई है, वे इसे तत्काल शुरू करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। डीएम ने बीएलओ की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बीएलओ लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं। क्योंकि, वे सीधे उस भारत से संवाद कर रहे हैं, जो निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। उन्होंने एडीएम को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को 26 जनवरी को सम्मानित किया जाए। जिससे अन्य कार्मिक भी प्रेरित हों। इस दौरान एडीएम,एडीएम सिटी समेत सभी अधिकारी मौजूद थे।
