कानपुर : नौबस्ता थाना क्षेत्र के के-ब्लॉक किदवईनगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट फेज-2 में रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही 11 साल की जुड़वा बेटियों की गला काटकर हत्या कर दी, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, आरोपी शशि रंजन मिश्रा मूल रूप से बिहार के गया के रहने वाले हैं और मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के तौर पर काम करते हैं। वह अपनी पत्नी रेशमा, 11 साल की जुड़वा बेटियों रिद्धि और सिद्धि, तथा 6 साल के बेटे रुद्रव के साथ अपार्टमेंट में किराए पर रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि वारदात रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुई। आरोपी ने स्टील के चापड़ से दोनों बेटियों की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने खुद ही सुबह करीब साढ़े चार बजे पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कमरे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद किया है। दोनों बच्चियों के शव बेड पर पड़े मिले, जिन्हें बाद में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। परिवार के अनुसार, रेशमा कुछ समय पहले मायके गई थीं, जिसके दौरान बेटियां पिता के पास ही थीं। वहीं, घटना के वक्त रेशमा दूसरे कमरे में अपने बेटे के साथ सो रही थीं। सभी कमरों में सीसीटीवी लगे होने की भी जानकारी सामने आई है।
