पीलीभीत (बरखेड़ा): यूपी के पीलीभीत जिले के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव पिपरा खास में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 50 वर्षीय अधेड़ का शव खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ।मृतक की पहचान सुखलाल निवासी वार्ड नंबर 5 बरखेड़ा के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता थे।
दो दिन पहले गए थे लग्न कार्यक्रम में
परिजनों के अनुसार, सुखलाल पेशे से नाऊ (नाई) का काम करते थे, और जिजमानी के चलते अक्सर कई दिनों बाद घर लौटते थे। 16 अप्रैल को वह गंगापुरी गांव में एक लग्न कार्यक्रम में शामिल होने गए थे, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे, तभी शनिवार को उनका शव खेत में मिला।
खेत में मिला शव, नहीं मिले चोट के निशान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट के साथ जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का मानना है कि मौत का कारण बीमारी या प्राकृतिक कारण हो सकता है, हालांकि सटीक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक सुखलाल अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। अचानक हुई मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पत्नी धनदेवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा।
