बरेली : फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस ने करीब एक साल पुराने किशोरी की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई कर फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बिना किसी लाइसेंस के आयुर्वेदिक क्लीनिक चलाता था। पुलिस के अनुसार किशोरी का इलाज इसी आरोपी ने किया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मामले में दर्ज मुकदमे के बाद आरोपी फरार था, जिसे अब गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
बिना लाइसेंस चला रहा था आयुर्वेदिक क्लीनिक
पुलिस के अनुसार 4 सितंबर 2025 को फतेहगंज पश्चिमी निवासी दिनेश ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय बहन को बुखार और पेट दर्द होने पर आसपुर खेड़ा निवासी मोहम्मद तसलीम से दवा दिलाई गई थी। दवा खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। जांच के बाद पुलिस ने धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने किया गिरफ्तार
एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस ने 26 जुलाई को सूचना पर भिटौरा फाटक के पास से आरोपी मोहम्मद तसलीम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बिना लाइसेंस के आयुर्वेदिक क्लीनिक चला रहा था और उसने ही किशोरी का प्राथमिक उपचार किया था। बाद में उसे पता चला कि युवती की मौत हो गई और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में मिली सफलता
इस कार्रवाई में फतेहगंज पश्चिमी थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रियता और सतर्कता दिखाते हुए लंबे समय से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश कर दिया है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध रूप से इलाज करने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
