आरक्षण दिवस पर ‘संविधान मानस्तंभ दिवस’ मनाया,कारगिल के वीरों को दी श्रद्धांजलि, पेपर लीक, युवा आंदोलन और छात्रों से मारपीट के मुद्दे पर सरकार को घेरा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी ने रविवार को प्रदेश मुख्यालय समेत सभी जिला कार्यालयों में ‘आरक्षण दिवस’ को ‘संविधान मानस्तंभ दिवस’ के रूप में मनाया। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान और आरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि “जब संविधान बचेगा, तभी आरक्षण बचेगा। संविधान ही सामाजिक न्याय, समानता और लोकतंत्र का सबसे बड़ा आधार है।”अखिलेश यादव ने कहा कि 26 जुलाई का दिन ऐतिहासिक है, क्योंकि इसी दिन राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज ने कोल्हापुर रियासत में आरक्षण लागू कर सामाजिक न्याय की नींव रखी थी। बाद में डॉ. भीमराव आंबेडकर ने इसी भावना को संविधान में स्थान दिलाया। इसी दिन समाजवादी पार्टी ने कारगिल विजय दिवस भी मनाया। लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कारगिल युद्ध में घायल हुए सेना की इंजीनियरिंग रेजीमेंट के लांस नायक राम भुवाल को सम्मानित किया गया। अखिलेश यादव ने कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारतीय सेना के शौर्य पर पूरे देश को गर्व है।
छात्र आंदोलन से युवाओं की नई चेतना आई सामने

इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार देश की सीमाओं और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों का जवाब दे। उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध, ईरान-अमेरिका तनाव और उसके आर्थिक प्रभावों का भी उल्लेख किया। युवा आंदोलन और पेपर लीक के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन ने युवाओं की नई चेतना को सामने लाया है। उनका आरोप था कि पेपर लीक के खिलाफ सबसे पहले समाजवादी पार्टी ने आवाज उठाई थी और भाजपा सरकार भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखने में विफल रही है।
छात्रों के साथ मारपीट पर कार्रवाई की मांग

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर जंतर-मंतर जा रहे छात्रों के साथ कथित मारपीट का वीडियो साझा करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हिंसा और दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, समाजवादी सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शरद सरन समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
