जरीफनगर थाना क्षेत्र के समसपुर कुबरी मार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बदायूं: जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार सिरसा खुर्द निवासी 45 वर्षीय सत्यपाल पुत्र परसोती और भगवान दास पुत्र हरदयाल बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक समसपुर कुबरी स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंची, तभी सिरसा की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में सत्यपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भगवान दास गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दहगवां पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज की प्रक्रिया शुरू की गई।
घटना की सूचना पर जरीफनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बदायूं भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
रिपोर्ट:राजा खान, बदायूं