पीलीभीत में मिलावटखोरी रोकने के लिए अभियान तेज, घी, सरसों का तेल, ग्रीन ड्रेसिंग सॉस और कस्टर्ड पाउडर के नमूने लिए; रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पीलीभीत: दीपावली के त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी रोकने के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। विभागीय टीम ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में चार प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग की कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हलचल मची हुई है।
चार प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ और जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर विभागीय टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अनिल कुमार सिंह ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने चार प्रतिष्ठानों से घी, सरसों के तेल, ग्रीन ड्रेसिंग सॉस और कस्टर्ड पाउडर के नमूने लिए हैं। कार्रवाई के दौरान न्यूरिया के टांडा बिजैसी स्थित निक्की पिलानिया चौधरी के मैंगोवुड डेयरी फार्म से घी का नमूना लिया गया। गांव दियूनी केसरपुर स्थित कृष्णा जन कल्याण ट्रस्ट द्वारा संचालित क्रिश्चियन आश्रम से सरसों के तेल का नमूना एकत्र किया गया। इसके अलावा गांव पिपरिया अगरु स्थित राजू किराना स्टोर से ग्रीन ड्रेसिंग सॉस और मझोला के टनकपुर रोड स्थित श्री श्याम एजेंसी से कस्टर्ड पाउडर का नमूना लिया गया।
प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य पदार्थों के सभी नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। नमूनों में मिलावट पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
त्योहार तक जारी रहेगा छापेमारी अभियान
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अनिल कुमार सिंह ने बताया कि त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने और मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: ऋतिक द्विवेदी
