कांवड़ यात्रा को लेकर परिवहन विभाग की विशेष तैयारी,अनुभवी चालक होंगे तैनात, फिट बसें ही जाएंगी रूट पर; सीएम ग्रिड योजना के कार्यों में भी तेजी के निर्देश
बरेली : सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने बरेली परिक्षेत्र से बड़ी तैयारी की है। हरिद्वार, गढ़मुक्तेश्वर और कछला गंगा घाट जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बरेली परिक्षेत्र के चारों रोडवेज डिपो से 100 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। इन बसों को विशेष रूप से कांवड़ यात्रा के प्रमुख रूटों पर लगाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा मिल सके। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार इन रूटों पर 100 बसें आरक्षित कर दी गई हैं।
अनुभवी स्टाफ की लगाई गई है ड्यूटी
सभी बसों पर अनुभवी चालकों और परिचालकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। संचालन शुरू होने से पहले चालक-परिचालकों की काउंसलिंग भी होगी, ताकि वे पूरी सावधानी के साथ यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित कर सकें। सावन के दौरान हरिद्वार, गढ़मुक्तेश्वर और कछला गंगा घाट के लिए बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसी वजह से इन मार्गों पर ट्रेनों और बसों पर अतिरिक्त दबाव रहता है। इसे देखते हुए परिवहन निगम ने पहले से ही व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
फिट और तकनीकी रूप से सुरक्षित बसों का संचालन
क्षेत्रीय प्रबंधक अजीम ने बताया कि चारों डिपो के एआरएम को निर्देश दिए गए हैं कि केवल पूरी तरह फिट और तकनीकी रूप से सुरक्षित बसों का ही संचालन किया जाए। साथ ही रूट डायवर्जन के दौरान पुलिस -प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यात्रा के दौरान कोई दुर्घटना न घटे।
सीएम ग्रिड योजना के कार्यों में तेजी के निर्देश
इधर, सावन और कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर सीएम ग्रिड योजना के चौथे चरण की समीक्षा भी की गई। प्रमुख सचिव ने वर्चुअल बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य और संबंधित विभागों के अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने, सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूरी करने तथा कांवड़ मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर फोकस
बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और शासन को समयबद्ध रिपोर्ट भेजने पर भी विशेष जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि शासन के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
