केंद्रीय मंत्रियों बीएल वर्मा और जितिन प्रसाद ने दिखाई हरी झंडी, 27 जुलाई से एलएचबी रेक के साथ नियमित संचालन, छात्रों, व्यापारियों, किसानों और दैनिक यात्रियों को होगा बड़ा लाभ
बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए कासगंज-ऐशबाग-कासगंज दैनिक एक्सप्रेस (15312/15311) का शुभारंभ कर दिया है। रविवार को उझानी और पूरनपुर रेलवे स्टेशनों पर आयोजित समारोह में उद्घाटन विशेष ट्रेन 05018 को केंद्रीय मंत्रियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह नई रेल सेवा 27 जुलाई 2026 से नियमित रूप से संचालित होगी और कासगंज, बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, सीतापुर होते हुए लखनऊ (ऐशबाग) तक सीधा रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी।
उझानी रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मार्गदर्शन में भारतीय रेलवे का तेजी से विस्तार हो रहा है।
कासगंज, उझानी और बदायूं क्षेत्र की वर्षों की मांग पूरी

उन्होंने कहा कि कासगंज,उझानी और बदायूं क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। इससे विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उझानी स्टेशन के आधुनिकीकरण की भी सराहना की। समारोह में बिल्सी विधायक हरीश चन्द्र शाक्य और बदायूं विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि नई ट्रेन क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति देगी तथा लोगों की यात्रा आसान बनाएगी।
युवा, किसान और दैनिक यात्रियों को मिलेगा लाभ
इसके साथ ही पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि इस रेल सेवा से पीलीभीत, पूरनपुर और मैलानी क्षेत्र के लोगों की लखनऊ के लिए लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि किसान, युवा, छात्र और दैनिक यात्री बड़ी संख्या में इसका लाभ उठाएंगे। साथ ही पूरनपुर टाइगर रिजर्व आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इस अवसर पर विधायक बाबूराम पासवान, विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी नई ट्रेन का स्वागत किया।
व्यापारियों को मिलेगा फायदा
मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने कहा कि नई ट्रेन के संचालन से व्यापार, रोजगार, चिकित्सा और उच्च शिक्षा के लिए यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इज्जतनगर मंडल यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। पूरनपुर स्टेशन पर अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।
16 कोच वाली एलएचबी ट्रेन, आधुनिक सुविधाओं से लैस
रेलवे के अनुसार 27 जुलाई से नियमित रूप से चलने वाली यह ट्रेन एलएचबी रेक के साथ संचालित होगी। ट्रेन में 16 कोच होंगे, जिनमें एक पावर कार, एक एसएलआर, चार अनारक्षित द्वितीय श्रेणी, नौ नॉन-एसी चेयर कार और एक वातानुकूलित चेयर कार शामिल हैं।
यह रहेगा ट्रेन का समय
15312 कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस सुबह 4:20 बजे कासगंज से रवाना होकर उझानी, बदायूं, बरेली जंक्शन, इज्जतनगर, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकरननाथ, लखीमपुर, सीतापुर, सिधौली और मोहिबुल्लापुर होते हुए दोपहर 1:00 बजे ऐशबाग पहुंचेगी।
इस समय पर आएगी वापसी
यह ट्रेन वापसी में 15311 ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस दोपहर 2:00 बजे ऐशबाग से चलकर उन्हीं स्टेशनों से होते हुए रात्रि 10:40 बजे कासगंज पहुंचेगी। नई रेल सेवा के शुरू होने से बरेली मंडल सहित कासगंज, बदायूं, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी और सीतापुर क्षेत्र के लाखों यात्रियों को राजधानी लखनऊ तक तेज, सुरक्षित और नियमित रेल संपर्क का लाभ मिलेगा। यात्रियों के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी इससे नई गति मिलने की उम्मीद है।
