रात 11 बजे सड़क किनारे खराब हुई थी एटा डिपो की बस, धक्का लगा रहे यात्रियों को तेज रफ्तार कंटेनर ने कुचला, पांच की मौत, कई घायल
एटा : गुरुवार देर रात फर्रुखाबाद से एटा आ रही एटा डिपो की रोडवेज बस भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। थाना बागवाला क्षेत्र के गांव कीलरमऊ के पास रात करीब 11 बजे बस अचानक खराब हो गई। चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। बस को दोबारा स्टार्ट करने के लिए करीब दस यात्री पीछे से धक्का लगा रहे थे, जबकि कुछ यात्री बस के आगे खड़े थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस को धक्का लगा रहे कई यात्री बस और कंटेनर के बीच बुरी तरह दब गए। वहीं बस के आगे खड़े लोग भी हादसे की चपेट में आ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग राहत कार्य में जुट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इमरजेंसी में चिकित्सकों ने राजेश (34) पुत्र रामसिंह निवासी दौलतपुर थाना नवाबगंज, सुखराम पुत्र राजपाल निवासी पिलखना, शैलेश कुमार पुत्र जोगराज सिंह निवासी उम्मरपुर थाना नवाबगंज (तीनों फर्रुखाबाद), सत्येंद्र पुत्र राजकुमार निवासी भरी थाना स्याना जनपद बुलंदशहर तथा एक अज्ञात व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में रवि पुत्र राजेश निवासी गोदेपुर थाना मोहम्मदाबाद, विक्रांत, आनंद सिंह, दक्ष सहित कई अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।