मुख्य चुनाव आयुक्त बोले-सिर्फ PPT दिखाने से सच नहीं बदलता, सबूत देना होगा
नई दिल्ली : कांग्रेस नेता, और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर चुनाव आयोग ने सीधा हमला बोला है। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने राहुल गांधी को चेतावनी दी कि “या तो हलफनामा दें, या देश से माफी मांगें, तीसरा कोई रास्ता नहीं है।”CEC ने राहुल गांधी के उस आरोप को खारिज किया। जिसमें उन्होंने कहा था कि मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी हो रही है। आयोग ने कहा कि राहुल गांधी ने संसद में जो PPT दिखाई, उसमें दिए गए आंकड़े चुनाव आयोग के नहीं हैं। झूठ को सच नहीं बनाया जा सकता। CEC ज्ञानेश कुमार ने कहा सबूत पेश करें, वरना माफी मांगें। अगर, सात दिन में हलफनामा नहीं दिया, तो आपके आरोप निराधार मान लिए जाएंगे।
SIR (Special Intensive Revision) पर जवाब
CEC ने बिहार की मतदाता सूची की तेजी से दुरुस्ती पर उठाए सवालों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत हर चुनाव से पहले मतदाता सूची को अपडेट करना आयोग की कानूनी जिम्मेदारी है। “आप बताइए चुनाव से पहले सूची को दुरुस्त करना चाहिए या बाद में? आयोग अपना कर्तव्य निभा रहा है। ज्ञानेश कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि मार्च 2025 में लगभग 3 लाख डुप्लिकेट EPIC पाए गए थे। उन सभी के EPIC नंबर बदल दिए गए, ताकि गड़बड़ी खत्म हो सके। 2003 से पहले तकनीकी प्लेटफॉर्म न होने के कारण कई मतदाताओं के नाम अलग-अलग जगह दर्ज हो गए थे। इसको अब सुधारा जा रहा है।
CEC का बड़ा दावा
“चुनाव आयोग मतदाताओं के साथ चट्टान की तरह खड़ा है। जल्दबाजी के नाम पर किसी भी मतदाता का अधिकार छीना नहीं जाएगा। अगर, गलती से किसी का नाम हटेगा, तो उसे दोबारा जोड़ा जाएगा।”
