जौनपुर : लाइन बाजार थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें चाइनीज मांझे से एक डॉक्टर की गर्दन कटने से मौत हो गई। मृतक की पहचान केराकत निवासी डॉ. समीर हाशमी (28) के रूप में हुई है।
घटना दोपहर लगभग 12:30 बजे प्रसाद चौराहा के पास हुई। जानकारी के अनुसार, डॉ. समीर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी सड़क किनारे खेल रहे पतंग के चाइनीज मांझे में उनकी गर्दन फंस गई। मांझे की धार इतनी तेज थी कि उनकी गर्दन कटती चली गई और हड्डी तक क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान वह औंधे मुंह सड़क पर गिर गए और खून फैलने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और उन्हें जिला अस्पताल पहुँचाया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, डॉ. समीर हाशमी परिवार के सबसे छोटे बेटे थे। उनके बड़े भाई शाहिद सऊदी अरब में कार्यरत हैं, दूसरे भाई गोलू मुंबई में AC मैकेनिक हैं और तीसरे भाई जावेद पिता के साथ बैंड पार्टी का काम संभालते हैं। डॉ. समीर परिवार में चौथे नंबर पर थे। पिता मुकीम ने बताया कि समीर डॉक्टर थे। उन्होंने उत्तराखंड से पढ़ाई की थी और केराकत में अपनी क्लिनिक भी चलाते थे। वे मेडिसिन विभाग के साथ-साथ हड्डी के रोगियों का भी इलाज करते थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि चाइनीज मांझों से होने वाले हादसे लगातार बढ़ रहे हैं और यह घटना भी उसी श्रेणी में आती है। उन्होंने प्रशासन से इस संबंध में कड़े कदम उठाने और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा के लिए नियम बनाने की मांग की है।
पुलिस ने कहा कि घटना की पूरी जांच की जा रही है और मामले में संबंधित पक्षों से पूछताछ की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों की पुष्टि की जाएगी। इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक और भय का माहौल बना दिया है। लोग चेतावनी दे रहे हैं कि पतंगबाजी और चाइनीज मांझे की वजह से सड़क हादसों का जोखिम बढ़ गया है।
