बरेली : यूपी के बरेली शहर को धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने प्रमुख चौराहों के सुंदरीकरण का कार्य तेज कर दिया है। शाहजहांपुर रोड स्थित इन्वर्टिस तिराहे पर भगवान नटराज की भव्य प्रतिमा स्थापना के बाद अब रामपुर रोड के झुमका तिराहे पर भी नंदी भगवान की विशाल प्रतिमा का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। बुधवार को झुमका तिराहे के पुराने स्वरूप को हटाकर नये डिजाइन में विकसित करने का काम शुरू किया गया। यहां भगवान नंदी की करीब 20 फीट ऊंची प्रतिमा के निर्माण और स्थापना की प्रक्रिया तेज़ी से चल रही है।बीडीए का दावा है कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान इन दोनों प्रमुख तिराहों का लोकार्पण कराया जाएगा।
इन्वर्टिस तिराहे पर भगवान नटराज की प्रतिमा स्थापना पूर्ण
शाहजहांपुर रोड स्थित इन्वर्टिस तिराहे पर भगवान नटराज की लगभग 15 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यह प्रतिमा न केवल चौराहे की पहचान को नया आयाम देगी, बल्कि शहर की सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूती प्रदान करेगी। प्रतिमा के चारों ओर लाइटिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य भी अंतिम चरण में है।
‘सात नाथ मंदिर’ थीम पर शहर के प्रवेश मार्गों का विकास

बीडीए द्वारा शहर में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘सात नाथ मंदिर’ की थीम पर जिले में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों बदायूं रोड, शाहजहांपुर रोड, रामपुर रोड, लालफाटक और बीसलपुर रोड पर भव्य प्रवेश द्वारों का निर्माण कराया गया है। इन द्वारों पर भगवान शिव की प्रतिमाओं के साथ त्रिशूल भी स्थापित किए गए हैं, जिससे शहर की धार्मिक पहचान को सशक्त किया जा सके।
दिल्ली-लखनऊ मार्ग के प्रमुख तिराहों का हो रहा कायाकल्प
शहर से दिल्ली और लखनऊ को जोड़ने वाले मुख्य मार्गों पर स्थित झुमका और इन्वर्टिस तिराहे शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल हैं।इन्हीं को ध्यान में रखते हुए बीडीए द्वारा इनका व्यापक सुंदरीकरण कराया जा रहा है। झुमका तिराहे पर पुराने झुमका को हटाकर नये स्वरूप में विकसित किया जा रहा है, जहां भगवान नंदी की विशाल प्रतिमा आकर्षण का केंद्र होगी।
इसी सप्ताह पूरा हो सकता है सुंदरीकरण कार्य
बुधवार को भी बीडीए की टीम पूरे दिन झुमका तिराहे पर कार्य में जुटी रही। अधिकारियों का मानना है कि इसी सप्ताह तिराहे का सुंदरीकरण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। बीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि शहर के प्रवेश मार्गों के चौड़ीकरण के बाद अब उनसे जुड़े प्रमुख तिराहों को सुंदर और आकर्षक बनाया जा रहा है। रामपुर और शाहजहांपुर रोड पर अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं।
शहर को मिलेगी नई पहचान
प्रशासन का मानना है कि इन धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों के माध्यम से न केवल ट्रैफिक चौराहों की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि बरेली को एक धार्मिक -सांस्कृतिक पर्यटन नगरी के रूप में नई पहचान भी मिलेगी।
