बरेली : बॉलीवुड एक्टर दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग कांड में बरेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार शाम शाही थाना क्षेत्र के दुनका–बिहारीपुर रोड पर किच्छा नदी पुल के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें कुख्यात अपराधी और 25,000 का इनामी रामनिवास उर्फ दीपक उर्फ दीपू गोली लगने से घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ साथी अनिल को भी हिरासत में लिया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि रामनिवास ने पूछताछ में कबूल किया कि वह दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाली टीम में शामिल था। इस दौरान मौके से 32 बोर की पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस और 4 खोखे बरामद हुए। आरोपी ने दहशत में कहा कि अब वह “बाबा की पुलिस” के सामने यूपी में कदम नहीं रखेगा।
हरियाणा का साथी भी दबोचा
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक और आरोपी अनिल पुत्र सतीश, निवासी सोनीपत (हरियाणा) को भी गिरफ्तार किया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई। यही बाइक दिशा पाटनी के घर की रेकी में इस्तेमाल हुई थी। जांच में पता चला कि इस गिरोह के तार राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली तक फैले हैं। रामनिवास राजस्थान के अजमेर जिले के बियावर का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह संगठित तरीके से काम कर रहा था और सेलेब्रिटी के घरों पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की साजिश रच रहा था।
गाजियाबाद और दिल्ली में पहले हो चुकी कार्रवाई
इससे पहले गाजियाबाद में एसटीएफ ने मुठभेड़ में शूटर रविंद्र और अरुण को ढेर किया था। वहीं दिल्ली पुलिस ने नकुल और विजय को गिरफ्तार किया था। अब बरेली पुलिस की इस सफलता से उम्मीद है कि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होगा।
जानें क्या बोले एसएसपी?
बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा, दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग की साजिश में शामिल एक-एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ रहा है। गाजियाबाद और दिल्ली के बाद अब बरेली पुलिस ने भी बड़ी सफलता हासिल की है।
