संभल/लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर देश-विदेश से शुभकामनाएं मिल रही हैं, लेकिन इस बीच आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की चुप्पी पर सवाल खड़े हो गए हैं। संभल से सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि “प्रधानमंत्री को सभी ने जन्मदिन की बधाई दी, मैंने भी उन्हें मुबारकबाद दी है, लेकिन मोहन भागवत ने बधाई नहीं दी। इसके पीछे क्या कारण है? कहीं कुछ गड़बड़ तो नहीं है।”बर्क ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 75 साल के हो चुके हैं, अब देखना होगा कि भाजपा की नीतियों में आगे किस तरह का बदलाव होता है। साथ ही, भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर उन्होंने कहा कि अगर मैच से होने वाली कमाई पहलगाम पीड़ितों को दी जाती है, तो यह एक अच्छा कदम होगा।
संभल में एटीएस यूनिट पर आपत्ति
बर्क ने संभल में एटीएस यूनिट की स्थापना पर कड़ा एतराज जताया। उन्होंने कहा कि “संभल को एटीएस यूनिट की नहीं, बल्कि इंडस्ट्रीज और शिक्षा सुधार की जरूरत है।”उनका कहना था कि कब्रिस्तान की जमीन पर एटीएस यूनिट बनाना सरकार का गलत कदम है और यह मुस्लिम समाज का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम समाज को अनावश्यक तौर पर आतंकवाद के नाम पर बदनाम किया जा रहा है। संभल के युवा सही रास्ते पर चल रहे हैं और मुस्लिम समाज ने हमेशा देश के लिए कुर्बानी दी है।
वक्फ संपत्ति पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला
जियाउर्रहमान बर्क ने वक्फ संपत्ति पर आए सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले को सच्चाई और संविधान की जीत बताया। उन्होंने मांग की कि वक्फ बोर्ड में दूसरे मजहब का कोई भी सदस्य नहीं होना चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पूरा केस अभी खत्म नहीं हुआ है, वक्फ बाय यूजर का मामला अभी विचाराधीन है।
