नई दिल्ली : देश की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आज कांग्रेस की ओर से एक बड़ी महारैली का आयोजन किया गया है। इस रैली में कांग्रेस के कई शीर्ष नेता शामिल हुए हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मंच से संबोधन करने वाले हैं। रैली में भारी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे हैं, जिनमें महिला कार्यकर्ताओं की मौजूदगी खास तौर पर देखने को मिल रही है। मैदान में उमड़ी भीड़ और नारेबाजी से माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगा नजर आ रहा है।
रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रवेश बिंदुओं पर जांच की जा रही है ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। कांग्रेस की यह रैली एसआईआर (Special Intensive Revision) के मुद्दे को लेकर आयोजित की गई है, जिसे पार्टी लोकतंत्र और वोटिंग व्यवस्था से जोड़कर देख रही है।
इस रैली को लेकर ओडिशा कांग्रेस के प्रभारी अजय कुमार लल्लू ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र को बंधक बना लिया गया है और मौजूदा भाजपा सरकार “वोट चोरी की सरकार” बन चुकी है। अजय लल्लू ने दावा किया कि राहुल गांधी ने देश के कई राज्यों में प्रेस वार्ता कर एक-एक वोटर और बूथ से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक की है। उनके अनुसार भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर देश को एकाधिपत्य की ओर ले जाना चाहती है। लल्लू ने कहा कि कांग्रेस इस रैली के जरिए लोकतंत्र बचाने की लड़ाई को और मजबूत करेगी।
हालांकि, कांग्रेस की इस महारैली पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस की रैली को पूरी तरह विफल करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने ही कर्मों की वजह से चुनाव हार रही है और अब अपनी हार का ठीकरा ईवीएम, एसआईआर और चुनाव आयोग पर फोड़ना चाहती है। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कांग्रेस के भीतर ही उनके नेतृत्व पर सवाल उठ रहे हैं और इन्हीं सवालों से ध्यान हटाने के लिए इस तरह की रैलियां की जा रही हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भीड़ जुटा लेने से कुछ नहीं होने वाला और कांग्रेस को याद रखना चाहिए कि दिल्ली की जनता ने उन्हें शून्य पर आउट किया था, जबकि बिहार में उन्हें सिर्फ छह सीटें मिली थीं।
इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम में आम आदमी पार्टी भी कांग्रेस पर सवाल खड़े कर रही है। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि वे कांग्रेस को जन-जागृति के किसी भी प्रयास के लिए शुभकामनाएं देते हैं, लेकिन कांग्रेस की नीयत पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि जिस दिल्ली में आज कांग्रेस वोट चोरी के खिलाफ रैली कर रही है, उसी दिल्ली में एक साल पहले वोट चोरी के आरोपों को लेकर आम आदमी पार्टी के बड़े नेता सबूतों के साथ सामने आए थे, तब कांग्रेस पूरी तरह चुप थी।
सौरभ भारद्वाज ने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी इस रैली में दिल्ली की वोट चोरी के मुद्दे पर खुलकर बात करेंगे या फिर उससे बचते नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी इस मुद्दे से बचते हैं तो यह साफ हो जाएगा कि कांग्रेस का पूरा नैरेटिव सिर्फ अपनी पार्टी के हित में है, न कि देश के लोकतंत्र के लिए।
