हमीरपुर : उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। मां की अस्थियां लेकर प्रयागराज जा रहे चार भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन सगे भाई शामिल हैं, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया और पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जानकारी के अनुसार महोबा जिले के गयोडी गांव निवासी अनुसुइया (85) का 7 दिसंबर को कैंसर के चलते निधन हो गया था। उसी दिन गांव में अंतिम संस्कार किया गया था। परंपरा के अनुसार आज सुबह परिवार के सदस्य मां की अस्थियां लेकर प्रयागराज संगम में विसर्जन के लिए निकले थे। इसके लिए रिश्तेदारी से एक बोलेरो वाहन मंगाया गया था। बोलेरो में कुल सात लोग सवार थे।
सुबह के समय जब बोलेरो बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हमीरपुर के इचौली गांव के पास पहुंची, तभी घने कोहरे के बीच पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्लीपर टूरिस्ट बस ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह पिचक गई। बताया जा रहा है कि करीब 14 फीट लंबी बोलेरो हादसे के बाद महज 6 फीट की रह गई। दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी।
हादसे में बोलेरो सवार सभी सात लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। एक युवक का चेहरा पूरी तरह पिस गया, जबकि एक चचेरा भाई अपनों की लाशों के पास बैठकर फूट-फूट कर रोता नजर आया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बोलेरो के दरवाजे तोड़े और शवों को बाहर निकाला।
हादसे में तीन सगे भाइयों—राम सहोदर (45), घनश्याम (58) और राधेश्याम (50)—की मौके पर ही मौत हो गई। इनके साथ चचेरे भाई सोनू की भी जान चली गई, जो बोलेरो चला रहा था। वहीं, चचेरे भाई सिद्धगोपाल (60), आशाराम (45) और विमल (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर हायर सेंटर रेफर कर दिया।
चार भाइयों की मौत की खबर जैसे ही गयोडी गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। मृतकों की पत्नियां और उनकी बहन घटनास्थल पर पहुंचकर रो-रोकर बेसुध हो गईं। मां की अस्थियां विसर्जन के लिए जा रहे परिवार को किसी ने यह नहीं सोचा था कि यह यात्रा मौत का सफर बन जाएगी। गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम नजर आई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बोलेरो और बस को हटवाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात बहाल कराया। हादसे के बाद टूरिस्ट बस का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है और मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कोहरा और तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है।
