मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
बिहार : चुनाव के रण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सहरसा और दानापुर से विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। रैली के मंच से सीएम योगी ने ‘विकास बनाम बुर्का’ की नई बहस छेड़ते हुए राजद और कांग्रेस पर करारा निशाना साधा।
दानापुर की सभा में सीएम योगी ने लोगों को 1990 से 2005 के ‘जंगलराज’ की याद दिलाई। कहा “बिहार की इस नई प्रतिस्पर्धा को रोकने के लिए राजद और कांग्रेस ने एक नई शरारत शुरू की है ‘विकास बनाम बुर्का’। उन्हें विकास नहीं चाहिए, उन्हें वोट बैंक की राजनीति चाहिए।”
योगी ने कहा कि यूपी में हमने माफियाओं को “जहन्नुम” भेजा। वहां सपा जैसे लोग भी अराजकता फैलाते थे, लेकिन जनता ने उन्हें जवाब दे दिया। अब वही रास्ता आरजेडी और कांग्रेस अपना रही है।
उन्होंने कहा कि “जिस कांग्रेस ने लोकतंत्र का गला घोंटा, आरजेडी ने खुद को उसी की झोली में गिरवी रख दिया है। ये जेपी के सपनों का अपमान है।”
सहरसा की रैली में सीएम योगी ने ‘फर्जी वोटिंग’ के मुद्दे को उठाया। कहा कि “राजद और कांग्रेस को विकास नहीं, बुर्का चाहिए। ताकि फर्जी वोट डलवाकर गरीबों के हक पर डकैती डाली जा सके। वोट डालने में चेहरा नहीं दिखाएंगे, लेकिन एयरपोर्ट पर पासपोर्ट के लिए फोटो दिखा देंगे। कांग्रेस और आरजेडी की यह साजिश सफल नहीं होगी।”
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार का रिश्ता राम और जानकी जैसा अटूट है। यह केवल दो राज्यों का संबंध नहीं, बल्कि साझी संस्कृति और संकल्प का प्रतीक है।
योगी ने आगे कहा कि “डबल इंजन की सरकार ने बिहार में विकास की नई रफ्तार दी है। पिछले 20 सालों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में जो काम हुआ है, उसे आगे बढ़ाने के लिए एनडीए की सरकार का फिर आना जरूरी है।”
उन्होंने जनता से अपील की कि बिहार को फिर से डबल इंजन की सरकार देकर विकास के इस सफर को गति दें।
