बरेली: दशहरा मेले की रौनक के बीच बरेली के रजऊ परसपुर गांव में बुधवार की रात एक दर्दनाक वारदात हो गई। जहां लोग रावण दहन का जश्न मना रहे थे, वहीं कुछ कदम दूर 22 साल के युवक अभिषेक यादव की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई।
मेले से लौटते वक्त बीच सड़क पर हमला
जानकारी के मुताबिक, अभिषेक यादव रजऊ परसपुर गांव का रहने वाला था और एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करता था। बुधवार की रात वह मेला देखने गया था। लौटते वक्त रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उसे दौड़ाया और बेरहमी से चाकू से गोद डाला। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मेला चौकी से महज 20 कदम की दूरी पर हुई हत्या
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हत्या की यह वारदात मेला चौकी से सिर्फ 20 कदम की दूरी पर हुई। बताया जा रहा है कि रावण दहन के बाद चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी वहां से जा चुके थे। इसी मौके का फायदा उठाकर हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया।
प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह?
गांव में चर्चा है कि मृतक अभिषेक का दूसरी जाति की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिवार ने कुछ समय पहले अभिषेक के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा भी दर्ज कराया था। अब उसी रंजिश में यह हत्या की गई होने की बात सामने आ रही है।
1500 रुपये मांगकर गया था मेला, लाश बनकर लौटा
अभिषेक के पिता ने मीडिया से कहा, “बेटा मेला जाने से पहले बहुत खुश था, मां से 1500 रुपये मांगे थे… कुछ घंटे बाद उसकी लाश घर पहुंच गई।” बताया जा रहा है कि अभिषेक पांच भाइयों में चौथे नंबर का था। परिवार में उसकी मौत से कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतक के पिता की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
रावण दहन हुआ…पर इंसानियत भी साथ चली गई
जहां एक तरफ लोग रावण दहन का जश्न मना रहे थे, वहीं दूसरी तरफ इंसानियत की एक और हत्या हो गई। रावण के पुतले जलाने से पहले शायद हमें अपने भीतर के रावण को खत्म करने की ज़रूरत है
