सीएम योगी आदित्यनाथ ने मुरथल से दिया राष्ट्र और सनातन का संदेश
सोनीपत-हरियाणा : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरियाणा के सोनीपत जिले में स्थित मुरथल के बाबा नागे वाला धाम पहुंचे, जहां उन्होंने मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने अष्टमहान भंडारे में भाग लिया। कार्यक्रम में नाथ संप्रदाय के संतों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रही। मुख्यमंत्री के मंच पर पहुंचते ही पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत संतों के नाम लेकर जयघोष के साथ की।
अपने भाषण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में चल रहे माघ मेले और ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से जुड़े विवाद के बीच एक सख्त और स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एक योगी, संत या संन्यासी के लिए धर्म और राष्ट्र से बड़ा कुछ भी नहीं होता। उन्होंने कहा कि संन्यासी की कोई निजी संपत्ति नहीं होती, उसकी असली संपत्ति धर्म होता है और राष्ट्र उसका स्वाभिमान होता है।
मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए गोरक्षपीठाधीश्वर महंत बालक नाथ महाराज, स्थानीय महंतों और आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत में नाथ संप्रदाय सबसे प्राचीन और प्रभावशाली परंपरा है, जो समाज को सही जीवन जीने की राह दिखाता है और सनातन धर्म को मजबूत करता है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सनातन मूल्यों की ओर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि गुलामी और विदेशी मानसिकता को पीछे छोड़कर भारत अब विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भारत का हित मजबूत होगा तो सनातन धर्म भी सशक्त होगा, दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। राजनीति ऐसे हाथों में होनी चाहिए जो राष्ट्र को मजबूत करें। मुख्यमंत्री ने पिछले 11 वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए राम मंदिर निर्माण को ऐतिहासिक बताया और कहा कि जो कभी कल्पना थी, वह आज अयोध्या में हकीकत बन चुकी है। काशी और प्रयागराज में भी आस्था का भव्य स्वरूप देखने को मिल रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने नशे को युवा पीढ़ी के लिए सबसे बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि दुश्मन अब सीमा से नहीं, बल्कि नशे के जरिए युवाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने नशा मुक्त समाज के लिए अभियान चलाने की अपील की और कहा कि सीमाओं के पार से आने वाले नशे और उसके तस्करों की सूचना तुरंत पुलिस को दी जानी चाहिए। उन्होंने धर्मांतरण और लव जिहाद पर भी सख्ती की जरूरत बताते हुए कहा कि धर्म आस्था का विषय है, इसे थोपा नहीं जा सकता। अच्छे कर्म ही समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाते हैं।
