जम्मू-कश्मीर : डोडा जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में भारतीय सेना के दस जवानों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा भद्रवाह-चंबा मार्ग पर खन्नी टॉप के पास उस वक्त हुआ, जब सेना का वाहन ऑपरेशनल ड्यूटी के लिए रवाना हुआ था। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, सेना की टीम सुबह ड्यूटी पर निकली थी। खन्नी टॉप के पास दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और तीव्र मोड़ पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और करीब 400 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही कई जवानों ने दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम इलाके के बावजूद राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से 10 जवानों के शव बरामद किए गए, जबकि 11 जवान घायल अवस्था में मिले। घायलों को पहले उप जिला अस्पताल भद्रवाह ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित सेना के कमांड अस्पताल भेजा गया। सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि डोडा में हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में हमारे 10 वीर जवानों की जान चली गई, जिससे वह अत्यंत दुखी हैं। उन्होंने कहा कि देश उनके उत्कृष्ट सेवा भाव और सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेगा। शोक संतप्त परिवारों के प्रति उन्होंने गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। हादसे में शहीद हुए जवानों के नाम जोबन जीत, सुधेर नरवाल, मोनू, मोहित, एचआर कंवर, सिमरन, पी लोरा, सुलिंदर, अजय लोफरा और स्वर्ण नाग पाल बताए गए हैं। वहीं घायल जवानों में साहिल, जेपी सिंह, नीरज, अनूप, नागिस, अमन, शंकर, संदीप, जोबनप्रीत, राकेश और अभिमन्यु शामिल हैं। सेना और प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों को घायलों के सर्वोत्तम इलाज के निर्देश दिए गए हैं। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और देश भर में वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी जा रही है।
