बरेली: बहेड़ी थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां नाबालिग लड़की की आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी के आदेश पर की गई है।
पिता की शिकायत पर खुला मामला
थाना बहेड़ी क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव का ही वीरेंद्र कुमार उसकी 16 वर्षीय बेटी की आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा था। पीड़ित परिवार का कहना है कि जब इस मामले की शिकायत की गई, तो आरोपियों ने उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की।
गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप
शिकायत के अनुसार, वीरेंद्र कुमार के साथ उसका भाई दीपचंद और एक अन्य व्यक्ति शांति पाल भी शामिल था। तीनों ने मिलकर पीड़ित परिवार के साथ गाली-गलौज की और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस जांच में आरोपों की पुष्टि
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष एक ही गांव के निवासी हैं और उनके घर पास-पास स्थित हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी पुष्टि हुई है कि नाबालिग से जुड़ी तस्वीरें आरोपी वीरेंद्र कुमार द्वारा वायरल की गई थीं।
सख्त कार्रवाई की तैयारी
कोतवाली प्रभारी पवन कुमार ने मीडिया को बताया कि मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
