छत्तीसगढ़ : बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। गुरुवार को बलौदाबाजार क्षेत्र में स्थित एक इस्पात संयंत्र में क्लिनिकल फर्नेस के दौरान अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
ब्लास्ट होते ही प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आसपास काम कर रहे मजदूर जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। हादसे के तुरंत बाद घायलों को भाटापारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सभी को बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
यह हादसा भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम बकुलाही स्थित इस्पात संयंत्र में हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पूरे प्लांट को घेराबंदी कर सुरक्षित कराया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी और पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि ब्लास्ट में छह लोगों की मौत हुई है और पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा हुआ है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
