लखीमपुर खीरी : फरधान थाना क्षेत्र में लखीमपुर–गोला मार्ग पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बौंठा टोल के आगे बने ओवरब्रिज पर बैरिकेडिंग के लिए रखे गए बोल्डर से एक कार टकरा गई। हादसे में लखनऊ के इंद्रानगर निवासी 30 वर्षीय राहुल अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार लखनऊ के गोमतीनगर निवासी आसिफ पुत्र फारुक, बाराबंकी निवासी सोनू पुत्र राजेंद्र और इंद्रानगर निवासी राहुल अग्रवाल कार से गोला की ओर जा रहे थे। रात करीब तीन बजे ओवरब्रिज से पहले सड़क पर रखे गए बैरिकेडिंग बोल्डर से कार की तेज टक्कर हो गई। अंधेरा होने के कारण हादसे के बाद तीनों युवक कार में ही फंसे रह गए।
रात करीब सवा तीन बजे एक राहगीर ने 108 एंबुलेंस को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंचे एंबुलेंस ईएमटी प्रेमपाल ने पुलिस की मदद से कार के गेट तोड़कर तीनों घायलों को बाहर निकाला और तुरंत सीएचसी फरधान पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद राहुल अग्रवाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि आसिफ और सोनू की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की हालत नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर मृतक और घायलों के परिजनों की पहचान कर उन्हें हादसे की सूचना दी। थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप चौबे ने बताया कि मृतक का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घायल सोनू की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
