भारत के भरोसेमंद टेस्ट बल्लेबाज़ पुजारा का 103 टेस्ट, 19 शतक, 7195 रन का शानदार करियर
नई दिल्ली/लखनऊ : भारत के दिग्गज टेस्ट बल्लेबाज़ चेतेश्वर पुजारा ने रविवार को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखकर यह एलान किया। पुजारा ने लिखा “भारतीय जर्सी पहनना, राष्ट्रगान गाना और देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा। हर अच्छी चीज का अंत होता है, और अत्यंत आभार के साथ मैं भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले रहा हूं।”राजकोट के रहने वाले पुजारा ने बचपन में भारतीय टीम के लिए खेलने का सपना देखा और 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया। अपने करियर में उन्होंने 103 टेस्ट और 5 वनडे मैच खेले।
पुजारा का करियर एक नजर में
उन्होंने टेस्ट 103 मैच, 176 पारियां, 7195 रन, औसत 43.61, 19 शतक, 35 अर्धशतक, सर्वोच्च स्कोर 206 रन, वनडे के 5 मैच खेले, 51 रन, औसत 39.24, और आईपीएल के 30 मैच, 390 रन, स्ट्राइक रेट 99.75, 1 अर्धशतक लगाया था। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जून 2023 में इंग्लैंड के ओवल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ WTC फाइनल खेला था, जहां भारत को हार का सामना करना पड़ा था।
पुजारा का भावुक संदेश
पुजारा ने अपने नोट में BCCI, सौराष्ट्र क्रिकेट संघ, कोच, टीममेट्स, सपोर्ट स्टाफ और फैन्स का आभार जताया। उन्होंने परिवार के समर्थन को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया और कहा कि अब वह अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहते हैं।
भारत के ‘वॉल’ का नया अध्याय
राहुल द्रविड़ के बाद पुजारा को भारतीय टेस्ट टीम का नया ‘वॉल’ कहा जाता था। उनकी ठोस तकनीक और धैर्यपूर्ण बल्लेबाज़ी ने भारत को कई यादगार जीत दिलाई।
