बरेली। डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के बरेली दौरे को लेकर जिला अस्पताल में की गई तैयारियां धरी रह गईं। अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उनके निरीक्षण का इंतजार करते रहे, लेकिन उपमुख्यमंत्री जिला अस्पताल नहीं पहुंचे। उनके संभावित निरीक्षण को देखते हुए सुबह से ही अस्पताल में साफ-सफाई, रंग-रोगन और व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने का काम कराया गया था।
सुबह से अलर्ट था अस्पताल प्रशासन
डिप्टी सीएम के दौरे की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन अलर्ट हो गया था। डॉक्टरों और कर्मचारियों को समय से ओपीडी में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए थे। वार्डों और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई कराई गई। इसके साथ ही जन औषधि केंद्र पर दवाओं की उपलब्धता भी जांची गई। निरीक्षण की तैयारियों में अधिकारी और कर्मचारी जुटे रहे।
कार्यक्रम में बदलाव से नहीं पहुंचे अस्पताल
अधिकारियों को उम्मीद थी कि डिप्टी सीएम अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव के चलते उनका निरीक्षण नहीं हो सका। काफी देर तक अधिकारी उनके आने का इंतजार करते रहे। निरीक्षण नहीं होने के बाद अस्पताल में मौजूद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
एयरपोर्ट से प्रयागराज के लिए होंगे रवाना
अपने निर्धारित कार्यक्रम पूरे करने के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक एयरपोर्ट से प्रयागराज के लिए रवाना होंगे। उनके जिला अस्पताल नहीं पहुंचने से सुबह से चल रही तैयारियां और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद बेनतीजा रह गई।
