पीलीभीत। यूपी-112 के पुलिसकर्मियों ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। मलबे में दबे घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने वाले पुलिस के दो जवानों को PRV of the Day घोषित किया गया है। एसपी सुकीर्ति माधव ने कमांडर महिपाल सिंह और पायलट भारत सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। दोनों जवानों की तत्परता से घायलों को समय पर उपचार मिल सका।
टीन की छत गिरने से मलबे में दब गए थे 4 से 5 लोग
मामला थाना बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम अमखेड़ा का है। बीते 12 नवंबर को एक मकान की टीन की छत अचानक गिर गई थी। हादसे में 4 से 5 लोग मलबे में दबकर घायल हो गए थे। घटना की सूचना मिलने पर यूपी-112 की PRV-5926 मौके पर पहुंची।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निकाला बाहर
PRV-5926 पर तैनात कमांडर महिपाल सिंह और पायलट भारत सिंह ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल राहत कार्य शुरू किया। दोनों पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाया। उनकी इस त्वरित कार्रवाई से घायलों को समय पर इलाज मिल सका।
एसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
पुलिसकर्मियों के इस सराहनीय कार्य को देखते हुए उन्हें PRV of the Day घोषित किया गया। एसपी सुकीर्ति माधव ने दोनों जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिसकर्मियों की इस तत्परता और मानवीय प्रयास की सराहना की जा रही है।
रिपोर्ट : रेहान , मुरादाबाद
