नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रदर्शनों पर रोक लगाने की मांग अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई है। व्यापारिक संगठनों ने शीर्ष अदालत में याचिका दाखिल कर प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि इन प्रदर्शनों के कारण उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने व्यापारिक संगठनों की संशोधित याचिका पर संज्ञान लेते हुए कांग्रेस समेत चार दलों और संगठनों को नोटिस जारी किया है।
कांग्रेस समेत चार दलों को नोटिस
याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी), आम आदमी पार्टी (आप) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) को नोटिस जारी किए हैं। ये नोटिस व्यापारिक संगठनों की उस याचिका पर जारी हुए हैं, जिसमें रामलीला मैदान में होने वाले प्रदर्शनों का विरोध किया गया है। व्यापारियों ने दलील दी है कि प्रदर्शनों के चलते उनके व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ता है।
27 नवंबर को होगी अगली सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वह 27 नवंबर को प्रदर्शन के पक्ष और विरोध में दाखिल याचिकाओं पर सुनवाई करेगा। अदालत ने संकेत दिया है कि दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में हाल के प्रदर्शनों से जुड़े मामलों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा जाएगा। इन मामलों की सुनवाई के लिए अलग-अलग तारीखें भी निर्धारित कर बताई जाएंगी।
प्रदर्शन और कारोबार के अधिकार में संतुलन जरूरी
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि प्रदर्शन करने के मौलिक अधिकार और कारोबार चलाने के मौलिक अधिकार के बीच संतुलन बनाना जरूरी है। अदालत के मुताबिक, एक तरफ लोगों को अपनी बात रखने और प्रदर्शन करने का अधिकार है, तो दूसरी तरफ व्यापारियों के कारोबार और आजीविका से जुड़े अधिकारों की भी रक्षा होनी चाहिए। इसी संतुलन को ध्यान में रखते हुए अदालत विभिन्न याचिकाओं पर सुनवाई करेगी।
