नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से स्कूलों और कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सोमवार सुबह दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) द्वारका और ग्रेटर कैलाश स्थित ब्लू बेल्स स्कूल को धमकी भरी कॉल आने के बाद अफरातफरी मच गई। इसके अलावा एक कॉलेज को भी धमकी भरी ईमेल मिली है। जानकारी के मुताबिक, सुबह 7:24 बजे कंट्रोल रूम को धमकी की सूचना दी गई। पुलिस, बम स्क्वायड और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को खाली कराया गया। तलाशी अभियान जारी है।
पहले भी मिल चुकी हैं झूठी धमकियां
यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जुलाई में दिल्ली के 20 से ज्यादा स्कूलों और कॉलेजों को धमकी भरे ईमेल मिले थे। जांच के बाद सभी धमकियां झूठी (Hoax) साबित हुई थीं। दिल्ली पुलिस के अनुसार, बीते महीने पश्चिम विहार स्थित रिचमंड ग्लोबल स्कूल समेत कई स्कूलों को बम की धमकी मिली थी। इसी तरह आईपी कॉलेज फॉर विमेन, हिंदू कॉलेज और श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स जैसे प्रतिष्ठित कॉलेजों को भी धमकी ईमेल आई थी, जो बाद में फर्जी पाई गई।
देखें धमकियों के आंकड़े
धमकियों का सिलसिला बंद नहीं हो रहा है। 3 दिनों में 10 स्कूल और 1 कॉलेज को धमकी (18 जुलाई के आसपास), 20+ संस्थानों को धमकी भरे ईमेल मिले (जुलाई माह में)। मगर, हर बार तलाशी अभियान चला लेकिन बम नहीं मिला।
