लखनऊ : उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस तबादला सूची को पुलिस महकमे में बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव किया गया है।
सबसे पहले बात करें प्रयागराज जोन की, जहां एडीजी संजीव गुप्ता को उनके पद से हटा दिया गया है। उन्हें फिलहाल लखनऊ मुख्यालय से अटैच किया गया है। उनकी जगह पीटीएस जालौन में तैनात आईपीएस अधिकारी ज्योति नारायण को प्रयागराज जोन की कमान सौंपी गई है।
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में भी अहम बदलाव हुआ है। जॉइंट सीपी अमित वर्मा को हटाकर आर्थिक अपराध शाखा यानी ईओडब्ल्यू भेज दिया गया है। वहीं उनकी जगह अपर्णा कुमार को लखनऊ का नया जॉइंट पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा वेटिंग में चल रहे 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी किरण एस को लखनऊ का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है।

मानवाधिकार विभाग में भी बदलाव किया गया है। मानवाधिकार के अपर पुलिस महानिदेशक राम कुमार को लॉजिस्टिक्स विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि उनकी जगह राजकुमार को मानवाधिकार का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। तकनीकी सेवाओं के पुलिस महानिरीक्षक आनंद सुरेश राव कुलकर्णी को भ्रष्टाचार निवारण संगठन का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
2000 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रशांत कुमार से अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। अब उनके पास केवल एडीजी का कार्यभार रहेगा। इसी तरह तरुण गाबा से भी पुलिस महानिरीक्षक, सुरक्षा का दायित्व हटाया गया है और वे अब एडीजी सुरक्षा के पद पर ही कार्यरत रहेंगे।
कानपुर के एडीजी आशुतोष कुमार को यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड भेजा गया है। वहीं लखनऊ रेलवे के आईजी मोदक राजेश डी. राव को पुलिस महानिरीक्षक, स्थापना बनाया गया है। भवन एवं कल्याण विभाग के आईजी आर.के. भारद्वाज को लखनऊ रेलवे का नया पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही 2008 बैच के आईपीएस डॉ. अखिलेश कुमार निगम को प्रमोशन देकर सीआईडी का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। प्रयागराज के आईजी एन. कोलान्ची को हटाकर प्रयागराज रेलवे का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
वेटिंग में चल रहे 2011 बैच के मो. इमरान को पुलिस उपमहानिरीक्षक, भवन एवं कल्याण लखनऊ बनाया गया है। यूपी-112 के डीआईजी विजय ढुल को अपर पुलिस आयुक्त, पुलिस प्रयागराज बनाया गया है। वहीं राजीव मल्होत्रा को आईजी यूपीएसआईएफएस और रोहन पी. कनय को डीआईजी, विशेष जांच लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
