लखनऊ: साल 2026 की हज यात्रा की तैयारियां पूरी हो गई हैं। यूपी से 18 हजार से अधिक यात्री हज यात्रा पर जाएंगे। इस बार मियां-बीवी अलग-अलग कमरों में ठहरेंगे। स्मार्ट बैंड सुविधा के तहत प्रत्येक यात्री को 5,000 रुपये का स्मार्ट बैंड दिया जाएगा। इसमें कॉलिंग सुविधा, SOS इमरजेंसी बटन, रीयल-टाइम लोकेशन ट्रैकिंग, किबला कंपास, नमाज के समय अलर्ट और स्वास्थ्य मॉनिटरिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
स्मार्ट बैंड बुजुर्ग यात्रियों और स्मार्टफोन ऐप इस्तेमाल करने में असमर्थ लोगों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है। भीड़भाड़ वाले इलाके में यात्री अपने समूह से बिछड़ सकते हैं या आपात स्थिति में मदद नहीं पा सकते। इस बैंड से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित होगी। स्मार्ट बैंड हज सुविधा ऐप से जुड़ा होगा। जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के कंट्रोल रूम से यात्रियों की निगरानी की जाएगी। SOS बटन दबाते ही कंट्रोल रूम को अलर्ट मिलेगा और सहायता टीम मौके पर तुरंत पहुंच सकेगी।
