बरेली : बरेली बार एसोसिएशन के द्विवर्षीय चुनाव 2026 के नतीजे सामने आने लगे हैं। सोमवार को हुए मतदान के बाद मंगलवार सुबह कचहरी परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू की गई। दिनभर चली गिनती के बाद दी शाम तक कई अहम पदों के परिणाम घोषित कर दिए गए, जबकि अध्यक्ष और सचिव जैसे प्रमुख पदों के नतीजे देर रात तक आने की संभावना जताई गई है।
अधिवक्ता हुलासीराम गंगवार बने उपाध्यक्ष

चुनाव परिणामों के अनुसार, उपाध्यक्ष पद पर अधिवक्ता हुलासीराम गंगवार ने जीत दर्ज की है। उन्हें 565 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी अमित सिंह को 515 वोट प्राप्त हुए। इस तरह हुलासीराम गंगवार ने 50 वोटों के अंतर से यह मुकाबला अपने नाम किया। वहीं कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रजत मोहन ने शानदार जीत हासिल की। रजत मोहन को 1029 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी नसीम सैफी को 515 वोट प्राप्त हुए। रजत मोहन ने 514 वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज कर अपनी मजबूत स्थिति साबित की।
शांतनु मिश्रा ने दर्ज की जबरदस्त जीत

इसके साथ ही अन्य पदों के परिणाम भी घोषित किए गए हैं। इसमें संयुक्त सचिव (प्रकाशन) पद पर शांतनु मिश्रा ने जबरदस्त जीत दर्ज की। उन्हें 881 वोट मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी रीना सिंह को 419 वोट प्राप्त हुए। शांतनु मिश्रा ने 462 वोटों के बड़े अंतर से यह पद अपने नाम किया। इसके अलावा पुस्तकालय सचिव पद पर सौरभ अग्निहोत्री विजयी रहे। उन्हें 728 वोट मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी प्रेरणा को 709 वोट प्राप्त हुए। सौरभ अग्निहोत्री ने 19 वोटों के मामूली अंतर से जीत दर्ज की।
अध्यक्ष और सचिव पद के नतीजों पर टिकी निगाहें
कचहरी परिसर में रहा उत्साह मतगणना के दौरान कचहरी परिसर में पूरे दिन चुनावी गहमागहमी और उत्साह का माहौल बना रहा। समर्थक प्रत्याशियों के पक्ष में नारेबाज़ी करते दिखे, तो वहीं हर राउंड के परिणाम पर अधिवक्ताओं की निगाहें टिकी रहीं। सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल तैनात रहा और मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। अब सभी की निगाहें अध्यक्ष और सचिव पद के नतीजों पर टिकी हैं, जिन्हें लेकर देर शाम तक तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
