सपा प्रमुख का दावा – 2027 में भाजपा की विदाई तय, SIR पर उठाए सवाल, बूथ पर मजबूती से जुटें कार्यकर्ता
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा बेईमानी और भ्रष्टाचार पर उतारू हो चुकी है, और उसने उत्तर प्रदेश को पूरी तरह लूट लिया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा जनता को गुमराह करने के लिए मंत्रिमंडल विस्तार जैसे हथकंडे अपना रही है, लेकिन अब जनता इन चालों में आने वाली नहीं है। मंगलवार को सपा के राज्य मुख्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा-“भाजपा सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त है। यही वजह है कि यह सरकार अब जाने वाली है।”उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव पर प्रदेश के लोकतंत्र का भविष्य निर्भर है और समाजवादी पार्टी के हर नेता और कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर पूरी मजबूती से काम करना होगा, ताकि भाजपा के षड्यंत्रों को विफल किया जा सके।
SIR पर उठाए सवाल, EC की विश्वसनीयता पर चिंता

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के चलते निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगा है और भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि “हर मतदाता का नाम मतदाता सूची में जरूर जुड़वाया जाए। लोकतंत्र की रक्षा की जिम्मेदारी हम सबकी है।”
समाजवादी सरकार में विकास और सामाजिक न्याय का वादा
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को 2012 से 2017 के बीच समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान हुए विकास कार्य आज भी याद हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाली सरकार समाजवादी पार्टी की होगी, क्योंकि जनता का भरोसा सपा पर कायम है।
उन्होंने कहा-“2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेंगे।सबको सम्मान और न्याय मिलेगा, और प्रदेश विकास की नई राह पर आगे बढ़ेगा।”
महाराजा बिजली पासी की प्रतिमा और महापुरुषों का सम्मान

पूर्व सीएम ने घोषणा की कि सपा सरकार बनने पर गोमती रिवरफ्रंट पर महाराजा बिजली पासी की सोने की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी महापुरुषों के सम्मान में विश्वास रखती है और समाजवादी विचारधारा ही समाज को सही दिशा दे सकती है। अपने संबोधन के अंत में अखिलेश यादव ने कहा “समाजवादी पार्टी संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रही है। भाजपा को 2027 में हटाने का निश्चय जनता कर चुकी है।”
महिलाओं को भरोसा, 2027 में सपा सरकार बनाएंगे: अखिलेश यादव
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मंगलवार को लखनऊ स्थित सपा राज्य मुख्यालय में अखिल भारतीय महिला विकास संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा सरकार पर महिलाओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि कन्या विद्याधन, महिला पेंशन और आशा ज्योति केंद्र जैसी योजनाएं बंद कर दी गई हैं। इस पर अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाया कि 2027 में समाजवादी सरकार बनने पर महिलाओं के लिए सभी कल्याणकारी योजनाएं फिर से लागू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिनमें आर्थिक सहायता और सामाजिक योजनाएं शामिल होंगी।
