बरेली: बीमा पॉलिसी में ज्यादा बोनस और मुनाफे का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक शातिर साइबर गिरोह का बरेली पुलिस ने खुलासा किया है। थाना भुता पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट कार में बैठकर ठगी को अंजाम दे रहे चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर हुई कार्रवाई
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने मीडिया को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि केसरपुर साप्ताहिक बाजार के पास एक खाली मैदान में कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। सूचना के आधार पर भुता थाना पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी, जहां एक स्विफ्ट कार में बैठे चार युवकों को पकड़ लिया गया।
चारों आरोपी बरेली जिले के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. नवी निवासी केसरपुर, फरमान निवासी धन्तिया थाना फतेहगंज पश्चिमी, मो. अकरम और आरिफ निवासी केसरपुर थाना भुता के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार चारों आरोपी बरेली जिले के ही रहने वाले हैं।
भारी मात्रा में ठगी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन, एक टैबलेट, पांच एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड, फर्जी बिलों की चालान स्लिप, विजिटिंग कार्ड और 54 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके साथ ही ठगी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार को भी सीज कर दिया गया है।
इस तरह देते थे ठगी को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लोगों को कॉल कर खुद को नामी बीमा कंपनियों का एजेंट बताते थे। पहले विश्वास जीतते थे और फिर पॉलिसी में ज्यादा बोनस, रिफंड या अधिक रिटर्न का लालच देकर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवा लेते थे। ठगी की रकम फर्जी बैंक खातों में मंगाकर आपस में बांट ली जाती थी।
इन धाराओं में हुआ मुकदमा दर्ज
फिलहाल चारों आरोपियों के खिलाफ थाना भुता में आईटी एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इनके बैंक खातों, कॉल डिटेल और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में और भी नाम सामने आ सकते हैं।
