नई दिल्ली : दिल्ली की सियासत से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां आम आदमी पार्टी ने अपने ही वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को बड़ा झटका दिया है। पार्टी ने उन्हें राज्यसभा में उपनेता पद से हटा दिया है। इतना ही नहीं, राज्यसभा सचिवालय से यह भी अनुरोध किया गया है कि उन्हें सदन में बोलने के लिए समय आवंटित न किया जाए।
इस फैसले के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर ऐसा क्या हुआ कि पार्टी को अपने ही प्रमुख चेहरे को इस तरह से किनारे करना पड़ा? वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर राघव चड्ढा की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जब भी उन्हें राज्यसभा में बोलने का मौका मिला, उन्होंने आम जनता से जुड़े मुद्दों को ही उठाया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या आम आदमी की आवाज उठाना गलत है? और अगर नहीं, तो फिर उन्हें बोलने से क्यों रोका जा रहा है?
राघव चड्ढा ने भावुक अंदाज में कहा कि “मैं आपसे हूं और आपके लिए हूं। मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझना, मैं वो दरिया हूं जो वक्त आने पर सैलाब बनता है।” उनके इस बयान को सियासी संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है। इसी के साथ आम आदमी पार्टी ने उनकी जगह अशोक मित्तल को राज्यसभा में उपनेता नियुक्त कर दिया है। पार्टी की ओर से राज्यसभा सचिवालय को इसकी औपचारिक जानकारी भी दे दी गई है।
इस पूरे मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। दिल्ली बीजेपी ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस फैसले को पार्टी के अंदर चल रहे संकट का संकेत बताया है। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी को अपने संसदीय दल का नेता चुनने का अधिकार होता है, लेकिन जिस तरह से राघव चड्ढा को हटाया गया और उन्हें बोलने का समय न देने की बात कही गई, वह बेहद असामान्य है और गंभीर सवाल खड़े करता है।
सचदेवा ने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि यह फैसला दर्शाता है कि पार्टी के अंदर असंतोष बढ़ रहा है और शीर्ष नेतृत्व उसे संभालने में कमजोर साबित हो रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले स्वाति मालीवाल और अब राघव चड्ढा जैसे बड़े नेता नेतृत्व से दूरी बनाते नजर आ रहे हैं। उधर, इस पूरे विवाद के बीच राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें राज्यसभा में उनके हस्तक्षेप के कुछ हिस्से दिखाए गए हैं। इस वीडियो को उन्होंने “बुरी नजर” कैप्शन के साथ पोस्ट किया है, जो इस पूरे घटनाक्रम पर उनकी नाराजगी को दर्शाता है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मामला सिर्फ एक पद परिवर्तन का नहीं है, बल्कि इसके पीछे पार्टी के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान और रणनीतिक बदलाव भी हो सकते हैं।अब सवाल यह है कि क्या यह कदम पार्टी के अंदर अनुशासन बनाए रखने के लिए उठाया गया है या फिर यह किसी बड़े राजनीतिक बदलाव का संकेत है?
फिलहाल, आम आदमी पार्टी की ओर से इस फैसले पर विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन इस मुद्दे ने दिल्ली की राजनीति को गरमा दिया है। आने वाले दिनों में इस पर और भी प्रतिक्रियाएं सामने आ सकती हैं।
