बरेली: बरेली विकास प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए थाना सीबीगंज क्षेत्र के ग्राम भगवन्तापुरा में बिना अनुमति के बनाई जा रही दो कॉलोनियों को प्राधिकरण की टीम ने ध्वस्त कर दिया।
कहां हुई कार्रवाई और कौन थे जिम्मेदार?
प्राधिकरण के अनुसार, भगवन्तापुरा गांव में आफाक उर्फ मन्नी भाई करीब 40 बीघा जमीन पर बिना नक्शा पास कराए प्लॉटिंग और बाउंड्रीवॉल बनवा रहे थे। वहीं, मुस्तफाक अहमद भी लगभग 20 बीघा जमीन पर बिना अनुमति कॉलोनी विकसित कर रहे थे। दोनों ही मामलों में बरेली विकास प्राधिकरण से कोई मंजूरी नहीं ली गई थी।
टीम ने मौके पर पहुंचकर गिराया निर्माण
विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और अवैध प्लॉटिंग से जुड़ा निर्माण गिरा दिया गया। इस दौरान अभियंता और प्रवर्तन टीम के अधिकारी भी मौजूद रहे।
आम लोगों के लिए चेतावनी
बरेली विकास प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह का निर्माण या प्लॉटिंग करने से पहले नक्शा जरूर पास कराएं। बिना स्वीकृति के किया गया निर्माण अवैध माना जाएगा और उस पर कार्रवाई हो सकती है। साथ ही प्राधिकरण ने लोगों से कहा है कि मकान या प्लॉट खरीदने से पहले उसकी वैधता जरूर जांच लें, ताकि बाद में परेशानी न हो।
