बरेली : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/महिला शाखा) परीक्षा-2025 को लेकर जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। विधि व्यवस्था की समस्या या कर्फ्यू की स्थिति में परीक्षार्थियों को बड़ी राहत दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसी किसी भीस्थिति में अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र ही कर्फ्यू पास के रूप में मान्य होगा। बरेली के अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ दुबे ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह निर्देश परीक्षा की निर्देश पुस्तिका के पृष्ठ संख्या-10 में स्पष्ट रूप से अंकित है, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
17 जनवरी से एग्जाम
ADM सिटी ने बताया कि यह परीक्षा जनपद बरेली में दो दिनों तक आयोजित की जाएगी। इसमें 17 जनवरी को 21 परीक्षा केंद्रों पर प्रातः 09:00 बजे से 11:00 बजे तक,16 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 03:00 बजे से 05:00 बजे तक, 18 जनवरी से 19 परीक्षा केंद्रों पर प्रातः 09:00 बजे से 11:00 बजे तक और 06 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 03:00 बजे से 05:00 बजे तक चलेगी।
एडीएम सिटी ने यह दी हिदायत
ADM सिटी सौरभ दुबे ने बताया कि इस संबंध में ड्यूटी पर तैनात सभी मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं कि किसी भी आपात स्थिति या कर्फ्यू के दौरान परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र दिखाने पर परीक्षा केंद्र जाने की अनुमति दी जाए।
अभ्यर्थियों को मिलेगी सहूलियत
जिला प्रशासन के इस फैसले से हजारों परीक्षार्थियों को राहत मिलेगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि किसी भी स्थिति में परीक्षा प्रभावित न हो और सभी अभ्यर्थी निर्धारित समय पर सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें। प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र के लिए निकलें, प्रवेश पत्र अपने पास रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
