मासूम को बचाने दौड़ी मां भी कुचली गई, ट्रैक्टर चालक फरार
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। शहर के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के गांव साजनपुर में बालू खनन में लगे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पहले घर के बाहर खेल रही चार साल की मासूम बच्ची श्वेता को कुचल दिया। बच्ची को बचाने के लिए दौड़ी उसकी मां पुष्पा देवी को भी ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी और कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। इस दर्दनाक हादसे में मां-बेटी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
बालू ढो रहे ट्रैक्टर से हुआ हादसा
ग्रामीणों के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली से बालू ढोया जा रहा था। दोपहर के समय बच्ची श्वेता घर के बाहर खेल रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां से गुजरी। पहले बच्ची को टक्कर लगी, फिर उसे बचाने आई मां भी वाहन की चपेट में आ गई।
थाने पहुंची ग्रामीणों की भीड़
इस घटना से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में बिथरी चैनपुर थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर सीपी शुक्ला मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
पुलिस जांच में जुटी, चालक फरार
पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली से हादसा हुआ, वह गांव का ही बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर अवैध बालू खनन और भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बिना रोक टोक दौड़ते हैं ट्रैक्टर
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बिना रोक-टोक ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दौड़ती रहती हैं, जिससे ऐसे हादसे हो रहे हैं।
