बरेली/पीलीभीत : उत्तर प्रदेश के बरेली में एक महिला के साथ दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का गंभीर मामला सामने आया है।पीलीभीत जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने अपने ही क्षेत्र के एक युवक पर जमीन दिलाने का झांसा देकर बरेली बुलाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीलीभीत जिले के जहानाबाद थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जमीन के लालच में बुलाया, फिर बनाया दबाव
पीड़िता के अनुसार, ग्राम कुकरीखेड़ा निवासी आरोपी इरशाद अंसारी उर्फ नन्हे ने उसे तीन बीघा जमीन दिलाने का झांसा दिया। 22 अप्रैल को आरोपी उसे बरेली के नवाबगंज क्षेत्र स्थित गंगवार कॉलोनी के एक किराए के मकान में ले गया। वहां पहुंचने के बाद आरोपी ने उस पर पति से तलाक लेने, धर्म परिवर्तन करने और निकाह करने का दबाव बनाया।
कई दिनों तक दुष्कर्म और धमकी का आरोप
महिला का आरोप है कि 22 अप्रैल से 28 अप्रैल के बीच आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर महिला अपने घर पहुंची और पति को पूरी घटना बताई।
कमरे में ताला लगाकर फरार हुआ आरोपी
पीड़िता अपने पति के साथ जब मौके पर पहुंची तो आरोपी कमरे में ताला लगाकर फरार हो चुका था।
मकान मालिक की मौजूदगी में ताला तोड़ा गया। कमरे से 25 हजार रुपये नकद, गहने, बीमा बांड, मार्कशीट, आयुष्मान कार्ड और बैंक पासबुक समेत कई जरूरी दस्तावेज गायब मिले। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी यह सामान भी अपने साथ ले गया।
पहले भी ठगी का आरोप
पीड़िता का कहना है कि आरोपी पहले भी शादी का झांसा देकर 50 हजार रुपये और सोने के आभूषण ले चुका है। इस मामले में जहानाबाद पुलिस ने “The Justice Hindi” को बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।।आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है। मामले की गहन जांच जारी है।
