बरेली : यूपी के बरेली जिले देहात के मीरगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 12 वर्षीय मासूम बच्ची का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। शुरुआत में इसे सामान्य आत्महत्या का मामला माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने पूरे केस की तस्वीर ही बदल दी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सनसनीखेज खुलासा
पुलिस द्वारा कराए गए पोस्टमॉर्टम में यह साफ हुआ कि बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया था। इतना ही नहीं, उसके शरीर पर मारपीट के गंभीर निशान भी पाए गए हैं।हालांकि रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग (फांसी) बताया गया है,लेकिन अब यह मामला हत्या, दुष्कर्म और साजिश के एंगल से जांच के दायरे में आ गया है।
घटना का पूरा घटनाक्रम
यह घटना 28 अप्रैल की शाम की बताई जा रही है। बच्ची का पिता मजदूरी के लिए घर से बाहर गया हुआ था। मां कोटे की दुकान पर गल्ला लेने गई थी। घर में दोनों बेटियां अकेली थीं। छोटी बहन जब कमरे में गई, तो उसने अपनी बड़ी बहन को फंदे से लटका देखा, तो घबराई बच्ची ने तुरंत पिता को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी। मां के घर लौटने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
मां पर भी उठे सवाल
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले बच्ची को उसकी मां ने डंडे से पीटा था।शुरुआती पूछताछ में मां ने दुष्कर्म जैसी किसी भी घटना से साफ इंकार किया था, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मां से दोबारा कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का एक्शन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो टीमें गठित की हैं पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा ने वीडियो जारी कर दुष्कर्म की पुष्टि की है। सभी पहलुओं परिवार, बाहरी व्यक्ति, और घटनास्थल की परिस्थितियों की गहराई से जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।
सवाल जो अब भी बाकी हैं
दुष्कर्म किसने किया? क्या कोई बाहरी शख्स शामिल है?। क्या बच्ची की मौत आत्महत्या है या इसे हत्या बनाकर पेश किया गया?। मां की पिटाई और इस घटना के बीच क्या कोई कड़ी है?। छोटी बहन की मौजूदगी में आखिर क्या हुआ?
