बरेली : यूपी के बरेली शहर के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली हाईवे स्थित यूनिवर्सिटी के पास बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जीरो प्वाइंट के निकट दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में दोनों ट्रक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद चालक ट्रकों की केबिन में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही बिथरी चैनपुर थाना पुलिस, हाईवे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।बताया जा रहा है कि एक ट्रक में सेब लदे थे, जबकि दूसरे ट्रक में बैटरियां भरी हुई थीं। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।
पोस्टमार्टम को भेजे शव
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मृतकों की पहचान और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। मौके पर क्षेत्राधिकारी हाईवे और थाना बिथरी चैनपुर पुलिस टीम ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
