सिरौली के मोहर सिंह गौटिया गांव में सनसनी, पंचायत के कुछ घंटों बाद चारपाई पर मिला शव, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
बरेली : यूपी के बरेली देहात के सिरौली थाना क्षेत्र के मोहर सिंह गौटिया गांव में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई।सोमवार को जमीन के बंटवारे को लेकर मां-बेटे के बीच विवाद हुआ था। इस पर गांव में पंचायत भी बुलाई गई थी। पंचायत के कुछ घंटे बाद मंगलवार सुबह महिला का शव घर में चारपाई पर मिला।इस मामले में ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। हालांकि, इंस्पेक्टर सिरौली रोहित कुमार ने “The justice Hindi” को बताया कि परिजनों ने बताया कि रात को आलू की सब्जी खाकर सोई थीं। उनकी अचानक रात में तबियत बिगड़ गई। जिसके चलते बहू ने परिजनों को बताया कि मां बीमार हैं। मगर, इसी दौरान उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि एक-एक पहलू की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही बात सामने आएगी। इनके परिवार में जमीन के बंटवारे का विवाद भी चल रहा है। किसी के भी जांच में दोषी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
पति की पहले हो चुकीं है मौत
मृतका की पहचान रीना (60 वर्ष) के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार,उनके पति रामप्रसाद की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। पति की मौत के बाद करीब 60 बीघा जमीन रीना और उनके दोनों बेटों कुंवर पाल व नरेश के नाम दर्ज हुई थी। आरोप है कि पूरी जमीन पर नरेश का कब्जा था और वह मां तथा मानसिक रूप से कमजोर छोटे भाई कुंवर पाल को जमीन और उपज का हिस्सा नहीं दे रहा था।
सोमवार को पंचायत में हुआ था विवाद
ग्रामीणों के मुताबिक, रीना और कुंवर पाल ने गांव वालों से शिकायत की थी कि उन्हें खेती की उपज और गुजारे के लिए अनाज तक नहीं दिया जा रहा है। इसी शिकायत पर सोमवार को पंचायत हुई। पंचायत में ग्रामीणों ने नरेश से मां और भाई के भरण-पोषण की व्यवस्था करने तथा अनाज देने की बात कही। बताया जाता है कि इस दौरान कहासुनी भी हुई, जिसके बाद नरेश कुछ गेहूं देकर वहां से चला गया।
रात में हुई मौत, सुबह मचा हड़कंप
मंगलवार सुबह रीना का शव चारपाई पर मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर सिरौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार शाम नरेश अपनी ससुराल रामपुर जिले के शाहाबाद क्षेत्र स्थित जनकपुर खेड़ा गांव चला गया था। सुबह उसे वापस बुलाया गया।
हत्या की आशंका, कई बिंदुओं पर जांच
ग्रामीणों और पुलिस को प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका है।आशंका जताई जा रही है कि रीना की मौत में उनके बेटे नरेश और पुत्रवधू की भूमिका हो सकती है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
चेहरे पर चोट के निशान, टूटी मिलीं चूड़ियां
पुलिस जांच के दौरान मृतका के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं।कमरे में दोनों हाथों की टूटी चूड़ियां भी बरामद हुईं। इससे संघर्ष की आशंका जताई जा रही है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।पुत्रवधू ने पुलिस को बताया कि रात में रीना की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और सांस लेने में दिक्कत होने पर उन्होंने उनकी मदद करने की कोशिश की। वहीं पुलिस इस बयान की भी जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
थाना प्रभारी सिरौली रोहित कुमार ने मीडिया को बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
