गांव के चार अन्य लड़कों के साथ नदी में नहाने पहुंचे थे अजय और रोहित, गहरे पानी और तेज बहाव में बहने की आशंका
बरेली: शहर के सीबीगंज क्षेत्र में रविवार को शंखा नदी में नहाने गए दो ममेरे-फुफेरे भाई गहरे पानी में डूब गए। दोनों गांव के चार अन्य लड़कों के साथ नदी में नहाने पहुंचे थे। नहाते समय गहरे पानी की ओर जाने के बाद दोनों तेज बहाव की चपेट में आ गए। साथ मौजूद लड़कों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश कराई जा रही है।
ननिहाल आया था अजय, रोहित समेत छह लड़के पहुंचे थे नदी
बताया गया कि सीबीगंज क्षेत्र के गांव सनैया रानी निवासी 18 वर्षीय अजय कश्यप रविवार सुबह परखाखेड़ा गौटियां स्थित अपनी ननिहाल आया था। करीब 11 बजे वह अपने ममेरे भाई 17 वर्षीय रोहित पुत्र किशन पाल और गांव के चार अन्य लड़कों के साथ शंखा नदी में नहाने चला गया। नहाते समय अजय और रोहित नदी के गहरे हिस्से की ओर चले गए। इसी दौरान तेज बहाव के कारण दोनों संतुलन नहीं संभाल सके और पानी में डूब गए। साथ मौजूद लड़कों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों का पता नहीं चल सका।
घबराए लड़कों ने गांव पहुंचकर दी जानकारी
इस घटना के बाद साथ गए लड़के घबराकर गांव पहुंचे और परिजनों को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही अजय और रोहित के परिवार के लोग तथा ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए।ग्रामीणों ने भी दोनों की तलाश शुरू की, लेकिन तत्काल कोई सुराग नहीं मिला।।इसके बाद घटना की सूचना सीबीगंज पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाकर नदी में तलाश शुरू कराई।
गोताखोरों की मदद से तलाश जारी
पुलिस और गोताखोर नदी में दोनों युवकों की तलाश कर रहे हैं। दोपहर करीब तीन बजे तक दोनों का पता नहीं चल सका था। नदी के आसपास भी पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी रही।प्रशासन की टीम भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
दोनों परिवारों में मचा कोहराम
अजय और रोहित के नदी में डूबने की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। परिजन नदी किनारे पहुंचकर दोनों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है। फिलहाल पुलिस और गोताखोरों की टीम दोनों युवकों की तलाश में जुटी है। दोनों के मिलने के बाद ही घटना की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
