सड़कों पर उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब, कमिश्नर, डीआईजी, और डीएम-एसएसपी समेत अफसरों ने संभाली व्यवस्था, बीडीए ने कराया जलपान
बरेली : सावन के तीसरे सोमवार पर बरेली में आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। कांवड़ यात्रा मार्ग से लेकर शहर के सातों नाथ मंदिरों तक शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इसी दौरान प्रशासन की ओर से कांवड़ियों और शिवालयों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। आसमान से बरसते फूलों के बीच कांवड़ियों ने हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगाए। देखते ही देखते पूरा कांवड़ मार्ग शिवभक्ति से सराबोर हो गया।
हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा, बढ़ा कांवड़ियों का उत्साह

सावन के तीसरे सोमवार को बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे। सुबह करीब 10 बजे पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। निर्धारित कांवड़ मार्ग के साथ हेलीकॉप्टर ने शहर के सातों नाथ मंदिरों के ऊपर से भी उड़ान भरी। जैसे ही आसमान में हेलीकॉप्टर दिखाई दिया, सड़क पर मौजूद कांवड़ियों और श्रद्धालुओं में उत्साह बढ़ गया। हेलीकॉप्टर से फूलों की बारिश शुरू हुई तो शिवभक्तों ने हाथ उठाकर इसका स्वागत किया। फूलों की बारिश के बीच हर-हर महादेव, बम-बम भोले और जय भोलेनाथ के जयकारे गूंजने लगे।
भगवा रंग में सजे कांवड़िए, कंधों पर कांवड़ और जुबां पर भोलेनाथ का नाम बरेली की सड़कों पर यह दृश्य श्रद्धा और भक्ति से भरा नजर आया।
सातों नाथ मंदिरों पर भी बरसे फूल
प्रशासन की ओर से सिर्फ कांवड़ यात्रा मार्ग पर ही पुष्पवर्षा नहीं की गई, बल्कि बरेली के सातों नाथ मंदिरों पर भी हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए गए। सावन के सोमवार के चलते सुबह से ही प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और बेलपत्र, दूध व गंगाजल अर्पित कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसरों में लगातार हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे सुनाई देते रहे।हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा ने मंदिरों के आसपास के माहौल को और भव्य बना दिया।
आसमान से पुष्पवर्षा, जमीन पर सुरक्षा का जायजा

पुष्पवर्षा के साथ ही हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग की हवाई निगरानी भी की गई। इस दौरान कमिश्नर शम्भू कुमार, बरेली परिक्षेत्र के डीआईजी अजय कुमार साहनी, डीएम अविनाश कुमार सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य समेत अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कांवड़ियों की आवाजाही, भीड़, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। भीड़ वाले स्थानों और कांवड़ मार्ग पर व्यवस्थाओं की निगरानी की गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। यानी आसमान से फूल बरसते रहे और जमीन पर पुलिस-प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था संभालता रहा।
पानी और चिकित्सा व्यवस्था पर भी रहा जोर
कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से पानी, चिकित्सा,यातायात और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं की गईं। भीड़ बढ़ने वाले स्थानों पर पुलिस और प्रशासन की टीमें सक्रिय रहीं। प्रशासन की कोशिश रही कि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो और श्रद्धालुओं को रास्ते में आवश्यक सुविधाएं मिलती रहें।
बीडीए ने कराया जलपान, जनप्रतिनिधियों ने की श्रद्धालुओं की सेवा

कांवड़ियों की सेवा के लिए बरेली विकास प्राधिकरण यानी बीडीए की ओर से शहर में जलपान की व्यवस्था भी की गई। इस दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी श्रद्धालुओं की सेवा की। डीएम, एसएसपी, मेयर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल और विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने भी श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर सेवा कार्य में सहभागिता की। इस दौरान कांवड़ियों और शिवभक्तों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया।
आसमान से बरसे फूल, धरती पर गूंजे जयकारे
सावन के तीसरे सोमवार पर बरेली में दिखाई दिया यह नजारा सिर्फ हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा तक सीमित नहीं रहा। आसमान से बरसते फूल, सड़कों पर उमड़ता शिवभक्तों का सैलाब और चारों ओर गूंजते जयकारे पूरे शहर को शिवमय करते नजर आए। सातों नाथ मंदिरों से लेकर कांवड़ यात्रा मार्ग तक हर तरफ श्रद्धा और भक्ति का माहौल दिखाई दिया।
