बरेली : कमर्शियल वाहनों के चालकों के लिए ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण कराना मुश्किल हो गया है। आरटीओ कार्यालय में करीब एक सप्ताह से कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस के नवीनीकरण की प्रक्रिया प्रभावित है। लाइसेंस रिन्यू कराने के लिए चालक लगातार कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। परिवहन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक नई व्यवस्था के तहत हैवी कमर्शियल वाहनों के ड्राइविंग लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए फार्म-5ए यानी ईंधन बचत संबंधी ड्राइविंग ट्रेनिंग का।प्रमाणपत्र जरूरी किया गया है। इसी नई प्रक्रिया के चलते कार्यालय में कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस के नवीनीकरण का काम फिलहाल प्रभावित बताया जा रहा है।
बाहरी लोगों से नवीनीकरण कराने की शिकायत
इस बीच कुछ बाहरी लोगों द्वारा अतिरिक्त रुपये लेकर ऑनलाइन आवेदन और ऑटो अप्रूवल के माध्यम से कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण कराए जाने की शिकायत भी सामने आई है। इससे प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। परिवहन विभाग के आरआई टेक्निकल हारुन सैफी ने बताया कि कार्यालय स्तर पर कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस के नवीनीकरण का काम बंद है। बाहरी लोगों द्वारा नवीनीकरण कराने की शिकायत विभाग को मिली है। उन्होंने कहा कि इस तरह अब तक जितने भी कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण हुआ है, उनकी जांच कराई जानी चाहिए।
चालकों को जल्द राहत की उम्मीद
नवीनीकरण प्रक्रिया प्रभावित होने से कमर्शियल वाहन चालकों को लाइसेंस संबंधी काम के लिए बार-बार आरटीओ कार्यालय पहुंचना पड़ रहा है। अधिकारियों की ओर से समस्या का जल्द समाधान किए जाने का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि नई व्यवस्था के तहत आवश्यक प्रमाणपत्र की प्रक्रिया कब सुचारु होगी और कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण नियमित रूप से कब शुरू होगा। वहीं, बाहरी लोगों के माध्यम से नवीनीकरण कराने की शिकायत की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नियमों का उल्लंघन कर किसी तरह का अनियमित नवीनीकरण हुआ है या नहीं।
