बरेली : यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी थाना क्षेत्र के भिलैया गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, मौके से मिले दो खाली गिलास और पानी की बोतल जांच में अहम सुराग साबित हुए। पूछताछ के बाद पुलिस ने गौरव और सरजीत उर्फ रिंकू को गिरफ्तार किया। दोनों ने पुलिस पूछताछ में शराब के नशे में प्रतिमा और पार्क में तोड़फोड़ करने की बात स्वीकार की है।
प्रतिमा का दाहिना हाथ और चश्मा टूटा मिला
यह मामला बहेड़ी के भिलैया गांव का है। गांव के बाहर सड़क किनारे करीब तीन बीघा भूमि में आंबेडकर पार्क बना हुआ है।मंगलवार सुबह ग्रामीण पार्क पहुंचे तो डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा का दाहिना हाथ और चश्मा टूटा मिला। प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया और गश्त बढ़ाई गई। पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी।
दो खाली गिलास बने पुलिस के लिए बड़ा सुराग
इस घटना की जांच के दौरान पुलिस को मौके से दो खाली गिलास और पानी की एक बोतल मिली। बहेड़ी पुलिस के मुताबिक इन सुरागों के आधार पर आसपास शराब के गिलास बेचने वाले दुकानदारों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान पुलिस गौरव और सरजीत उर्फ रिंकू तक पहुंची। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने शराब के नशे में पार्क में तोड़फोड़ और आंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की बात स्वीकार की।
प्रतिमा के साथ पार्क में भी की तोड़फोड़
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों पर केवल प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने का ही आरोप नहीं है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने पार्क में लगी लाइट, नल और फ्रीजर को भी क्षतिग्रस्त किया। इसके अलावा पार्क के सोलर सिस्टम की बैटरियां चोरी किए जाने की बात भी सामने आई। पुलिस ने चोरी हुई बैटरियां बरामद कर ली हैं।
चारदीवारी नहीं होने से सुरक्षा पर उठे सवाल
भिलैया गांव में बना आंबेडकर पार्क सड़क किनारे स्थित है और उसकी चारदीवारी नहीं है।ग्रामीणों ने पार्क की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि पार्क खुला होने के कारण असामाजिक तत्वों का वहां आना-जाना आसान है। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ पार्क की चारदीवारी कराने और प्रतिमा की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता
प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मौके से मिले अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। अब दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस घटना में उनकी भूमिका के साथ-साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को बुधवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
