पोस्टमार्टम हाउस के बाहर वीडियो बनाने को लेकर हुआ विवाद, वायरल वीडियो में डीएसपी अशोक सिंह मूंछों पर ताव देते नजर आए
मैनपुरी: उत्तर प्रदेश में पुलिस अधिकारियों के वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन जाते हैं। अब मैनपुरी में तैनात डीएसपी अशोक सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वायरल वीडियो मैनपुरी के पोस्टमार्टम हाउस के बाहर का बताया जा रहा है। इसमें डीएसपी अशोक सिंह मूंछों पर ताव देते हुए नजर आ रहे हैं और वीडियो बनाने वालों से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में क्या कहते सुनाई दिए डीएसपी?
वायरल वीडियो में डीएसपी अशोक सिंह को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, “क्या वीडियो बना रहे हो… बनाओ-बनाओ। ये देखो नाम अशोक कुमार सिंह। पिता का नाम बलबीर सिंह। आजमगढ़ के रहने वाले हैं। बना लो वायरल कर देना… अखिलेश यादव को दे देना ये।” वीडियो में बातचीत के दौरान डीएसपी अपने नाम और परिचय का जिक्र करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान उनका मूंछों पर ताव देने वाला अंदाज भी कैमरे में कैद हुआ। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि यह मामला एलाऊ थाना क्षेत्र में हुई एक वारदात के बाद का है। बीती रविवार रात संतोष नगर गांव में शराब के ठेके के सामने हमलावरों ने एक ट्रक को रोककर फायरिंग कर दी थी। फायरिंग में ट्रक के परिचालक की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक भी गोली लगने से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर क्षेत्राधिकारी, नगर पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे थे। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था।
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के परिजनों से नगर क्षेत्राधिकारी अशोक सिंह बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां वीडियो बनाने लगे। वीडियो बनाने को लेकर पुलिस अधिकारी और वहां मौजूद लोगों के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई है। बताया गया है कि नगर क्षेत्राधिकारी ने पहले लोगों को वीडियो बनाने से मना किया। आरोप है कि इसके बावजूद जब लोग वीडियो बनाते रहे तो अशोक सिंह नाराज हो गए। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर कहा, “लो बना लो वीडियो और अखिलेश यादव को दे देना।” इसके बाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।
मूंछों पर ताव देने वाला अंदाज बना चर्चा का विषय
वायरल वीडियो में डीएसपी अशोक सिंह का मूंछों पर ताव देने वाला अंदाज भी दिखाई दे रहा है। इसी वजह से वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, वायरल वीडियो के सामने आने के बाद मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वीडियो कब और किस परिस्थिति में रिकॉर्ड किया गया, इसकी पूरी स्थिति संबंधित अधिकारियों की जांच या आधिकारिक बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
